बिजनेस

इस सप्ताह रविवार को भी खुलेंगे बैंक, सरकार ने इस कारण लिया बड़ा फैसला

3 दिन की बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत देने के लिए इस बार रविवार को बैंक खुले रहेंगे। सरकार ने कहा कि यह कदम हड़ताल और उससे पहले वीकेंड को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है।

Image

बैंक हड़ताल

आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। इस सप्ताह रविवार को भी बैंक खुलेंगे। दरअसल, बैंक कर्मचारियों द्वारा 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल से पहले बैंकिंग सेवाओं में रुकावट को कम करने के लिए सरकार ने यह फैसला किया है। इसके तहत तहत, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को खुले रहेंगे और सामान्य रूप से काम करेंगे।

वित्त मंत्रालय ने जारी किया निर्देश

वित्त मंत्रालय ने 23 सितंबर को एक बयान में कहा कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की प्रस्तावित हड़ताल 26 और 27 सितंबर की सप्ताहांत की छुट्टियों के बाद हो रही है, जिससे ग्राहकों को लंबे समय तक परेशानी हो सकती थी। मंत्रालय ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि जनता की बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर, 2026 को सामान्य रूप से काम करेंगे। इस फ़ैसले का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सोमवार को प्रस्तावित हड़ताल शुरू होने से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सेवाएं मिल सकें। मंत्रालय ने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन ने भी यूनियनों से हड़ताल टालने की अपील की है।

हड़ताल के असर कम करने की कोशिश

RBI की मंजूरी में सिर्फ रेगुलर बैंक ब्रांच ही नहीं, बल्कि ऑफिस, ATM-लिंक ब्रांच और करेंसी चेस्ट भी शामिल हैं, जिससे बैंकिंग नेटवर्क अतिरिक्त वर्किंग डे पर पूरी तरह काम करता रहेगा। सरकार ने कहा कि यह कदम प्रस्तावित हड़ताल और उससे पहले वीकेंड की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि सरकार और बैंक मैनेजमेंट ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील की है और यह पक्का करने के लिए भी कदम उठाए हैं कि जरूरी बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहें। मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि बैंक ग्राहकों का कल्याण और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

प्रस्तावित हड़ताल 28 सितंबर से 30 सितंबर तक, यानी तीन दिनों के लिए होनी है। पब्लिक सेक्टर के बैंकों और रीजनल रूरल बैंकों के लिए रविवार को वर्किंग डे घोषित किए जाने से, ग्राहकों को हड़ताल की अवधि से पहले ब्रांच-बेस्ड बैंकिंग ट्रांजैक्शन करने का मौका मिलेगा।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article