शहर

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों के लिए राहत! गौर चौक पर चौड़ी होगी सड़क, जानें कब तक खुलेगा अंडरपास

ग्रेटर नोएडा के गौर चौक अंडरपास के पास ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए सड़क चौड़ी की जाएगी। पर्थला-तिगरी मार्ग और गौर सिटी की ओर सड़क चौड़ीकरण का काम होगा। दिवाली से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य है।

Image

गौर चौक अंडरपास के पास सड़क होगी चौड़ी (सांकेतिक फोटो)

Greater Noida News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। गौर चौक के आसपास लगने वाले भयंकर ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। निर्माणाधीन गौर चौक अंडरपास के पास सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा, ताकि अंडरपास शुरू होने के बाद भी वाहनों की आवाजाही सुगम बनी रहे। सड़क चौड़ीकरण के साथ ही गौर चौक अंडरपास को भी दिवाली से पहले खोलने का लक्ष्य रखा गया है।

तीन लेन से बढ़ाकर चार लेन होगी सड़क

फिलहाल पर्थला से तिगरी और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को गौर चौक के पास अंडरपास के निर्माण के कारण धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ता है। खासतौर से सुबह और शाम में पीक टाइम के दौरान यहां वाहन रेंगते हुए नजर आते हैं। इसी तरह तिगरी और गौर सिटी की ओर से 130 मीटर चौड़ी सड़क की तरफ जाने वाले वाहनों को भी अंडरपास के पास पहुंचने पर परेशानी होती है।

गौर चौक के दोनों ओर चौड़ी होगी सड़क

इस समस्या को देखते हुए गौर चौक के दोनों तरफ सड़क चौड़ी करने का फैसला लिया गया है। ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने हाल ही में गौर चौक इलाके का निरीक्षण किया था। उन्होंने अंडरपास के पास सड़क को चौड़ा करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए, ताकि चार मूर्ति चौक के आसपास यातायात सुचारु रखा जा सके।

गौर चौक के आसपास मौजूदा 3 लेन की सड़क को बढ़ाकर 4 लेन का किया जाएगा। वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के अनुसार, पर्थला से तिगरी की ओर जाने वाले मार्ग को चौड़ा करने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। वहीं, गौर सिटी की तरफ नाले के ऊपर नई सड़क बनाई जाएगी, जिसमें थोड़ा समय लग सकता है। इस नाले पर सड़क के निर्माण से 130 मीटर चौड़ी सड़क पर वाहनों का आवाजाही और अधिक आसान हो जाएगी।

दिवाली तक अंडरपास शुरू होने की उम्मीद

सड़क चौड़ीकरण के इन सभी कार्यों को दिवाली से पहले पूरा करने की तैयारी है। इसके साथ ही, स्थानीय प्रशासन इसी समयावधि में निर्माणाधीन गौर चौक अंडरपास को भी वाहनों के लिए खोलने की योजना पर काम कर रहा है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से चार मूर्ति चौक के चारों तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह से सिग्नल-फ्री और सुगम हो जाएगा, जिससे रोजाना जाम में फंसने वाले यात्रियों का काफी समय बचेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article