बिजनेस

क्या बाजार में आने वाला है बड़ा डीप? Goldman Sachs के CEO ने दी है बड़ी चेतावनी

शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देख रहे निवेशकों के लिए अब एक बड़ी चेतावनी आई है। गोल्डमैन सैक्स के CEO डेविड सोलोमन ने कहा है कि आने वाले 12 महीने में बाजार में तेज गिरावट (Market Crash) देखने को मिल सकती है। उनकी मानें तो AI की बेतहाशा ग्रोथ और उसमें बिना सोचे-समझे हो रहा निवेश बाजार को एक बबल की ओर धकेल रहा है। यानी अभी जो रफ्तार दिख रही है, वो ज्यादा देर टिक नहीं पाएगी।

Image

Market Crash

गोल्डमैन सैक्स के CEO डेविड सोलोमन ने शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि अगले 12-24 महीने में शेयर बाजार में गिरावट आ सकती है, और इसकी वजह है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में तेजी से आया उछाल। सोलोमन ने यह बात इटली के ट्यूरिन में 3 अक्टूबर को हुए इटालियन टेक वीक के दौरान कही।

उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में AI की वजह से शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा है। लेकिन उनका कहना है कि बाजार हमेशा एक चक्र में चलता है जब कोई नई तकनीक आती है, तो उसमें बहुत पैसा लगता है, कुछ कंपनियां बहुत सफल होती हैं, जबकि कई असफल हो जाती हैं।

डॉटकॉम बबल जैसा हाल दोहर सकता है

सोलोमन ने 2000 के दशक की शुरुआत में हुए “डॉटकॉम बबल” का उदाहरण दिया। उस समय इंटरनेट की नई लहर आई थी, और लोगों ने उसमें भारी निवेश किया। नतीजा ये हुआ कि कुछ बड़ी टेक कंपनियां तो आगे बढ़ीं, लेकिन कई कंपनियां बर्बाद हो गईं और निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा, “मुझे हैरानी नहीं होगी अगर अगले 12 से 24 महीनों में शेयर बाजार नीचे आ जाए।”

बाजार पर AI का साया

सोलोमन ने साफ कहा कि वह AI को “बबल” नहीं कह रहे हैं, लेकिन फिलहाल लोग बहुत ज्यादा उत्साहित हैं और जोखिमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “लोग अब ज्यादा जोखिम भरे निवेश कर रहे हैं। वे सिर्फ अच्छे नतीजों के बारे में सोचते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि अगर चीजें गलत हुईं तो क्या होगा।”

उनका मानना है कि आने वाले समय में बाजार में सुधार (रीसेट) जरूर होगा यानी कीमतों में गिरावट आएगी। यह गिरावट कितनी बड़ी होगी, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि मौजूदा तेजी कब तक चलती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि AI एक बड़ी और रोमांचक तकनीक है, जो आने वाले समय में कंपनियों के कामकाज में बड़ा बदलाव ला सकती है।

निवेशकों के लिए चेतावनी

सोलोमन ने निवेशकों को सलाह दी कि उत्साह में आकर निवेश न करें। उन्होंने कहा कि हर निवेशक को यह सोचना चाहिए कि “अगर चीजें गलत हुईं तो नुकसान कितना बड़ा हो सकता है।” बाजार की गिरावट में कई लोग पैसा गंवा सकते हैं, इसलिए निवेश से पहले संतुलित और समझदारी भरा फैसला लेना जरूरी है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article