India-US trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की खबर के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी है। हालांकि,यह तेजी सिर्फ शेयर बाजार तक सीमित नहीं है। रुपये में जबरदस्त तेजी है। आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 119 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 90.30 पर पहुंच गया। आपको बता दें कि हाल के दिनों में रुपये में लगातार तेजी जारी थी और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया टूटकर 92 के पार पहुंच गया था। हालांकि, अब ट्रेड डील की खबर से रुपये में जबरदस्त तेजी लौटी है। 12 बजे तक रुपया 90.43 पर ट्रेड कर रहा है। करेंसी एक्सपर्ट का कहना है कि अब रुपये की गिरावट पर ब्रेक लगेगा और यहां से रिकवरी देखने को मिल सकती है।
क्यों उछला रुपया?
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी शुल्क में कटौती से पूरी तस्वीर बदल गई है। इससे दुनिया के सामने भारत की स्थिति मजबूत हुई है और भारतीय बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी के दरवाजे खुल गए हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.30 पर खुला, जो पिछले बंद स्तर 91.49 के मुकाबले 119 पैसे की बढ़त दर्शाता है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत गिरकर 97.43 पर था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.03 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
2025 में रुपया एशिया की सबसे कमजोर करेंसी बनी
2025 में रुपया एशिया की सबसे कमजोर करेंसी बनकर उभरा, पूरे साल में इसमें लगभग 5% की गिरावट आई और अकेले जनवरी में यह 2% से ज़्यादा गिर गया। हालांकि, मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कि वह भारतीय सामानों पर टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर देंगे, लोकल करेंसी डॉलर के मुकाबले 1.2% मजबूत होकर 90.40 पर पहुंच गई। इस डील से भारतीय एक्सपोर्ट पर लगने वाले ऊंचे टैरिफ में कमी आई है, जिससे एक बड़ी अनिश्चितता खत्म हो गई है जो करेंसी पर दबाव डाल रही थी।
