Nifty Outlook: शेयर बाजार में अगर आप निवेश करते हैं तो बाजार की चाल पर आपकी नजर जरूर रहती है। सोमवार से शुरू हो रहे नए सप्ताह में बाजार की चाल कैसी रह सकती है? अगर आप इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो चलिए देते हैं। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दर संबंधी फैसला इस सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों के रूझान तय करने वाला प्रमुख कारक होगा। इसके अलावा वैश्विक गतिविधियां और विदेशी निवेशकों का रुख भी बाजार की भावना को प्रभावित करेगा। पिछले सप्ताह शेयर बाजारों में सुस्ती रही, जहां प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बिना किसी खास बदलाव के बंद हुए।
अमेरिकी फेड के फैसले पर रहेगी नजर
रिलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि इस सप्ताह बाजार 12 दिसंबर को आने वाले भारत के सीपीआई आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले पर ध्यान रहेगा, जो उभरते बाजारों की जोखिम धारणा को प्रभावित कर सकता है। निवेशक रुपये की चाल पर भी नजर रखेंगे, जो पिछले सप्ताह डॉलर के मुकाबले 90 के स्तर से नीचे चली गई थी।
अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर भी नजर
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के वरिष्ठ शोध विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा कि निवेशकों का ध्यान अब पूरी तरह 9–10 दिसंबर 2025 को होने वाली अमेरिकन फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक पर है। उन्होंने कहा कि एफओएमसी के फैसले के साथ ही प्रमुख अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। नौ दिसंबर को जारी होने वाले अमेरिकी रोजगार के आंकड़ों से अमेरिकी श्रम बाजार के बारे में पता चलेगा। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स ने 5.7 अंक की मामूली बढ़त दर्ज की, जबकि एनएसई निफ्टी 16.5 अंक गिरा। इस दौरान मिडकैप और स्मॉलकैप में गिरावट देखी गई। निफ्ट मिडकैप 100 इंडेक्स 448.65 अंक या 0.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 60,594.60 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 321.50 अंक या 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,507.75 पर था।
बीते हफ्ते निफ्टी आईटी 3.47 प्रतिशत की तेजी के साथ सबसे अधिक बढ़ने वाला इंडेक्स था। इसके अलावा, ऑटो, मेटल, प्राइवेट बैंक और सर्विसेज इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। दूसरी तरफ एनर्जी, फार्मा, एफएमसीजी, रियल्टी, इन्फ्रा, पीएसई और कंज्यूमर ड्यूरेब्स लाल निशान में बंद हुए।
5 कंपनियों का मार्केट कैप बढ़ा
देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में पांच का कुल मार्केट कैप पिछले हफ्ते 72,284.74 करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इंफोसिस को सबसे अधिक लाभ हुआ। इस दौरान भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन बढ़ा, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, लार्सन एंड टुब्रो और एलआईसी में गिरावट हुई।
