BCCI Income Tax Paid Amount And Its Revenue: दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड BCCI की अमीरी के बारे में हम अक्सर सुनते रहते हैं। लेकिन वह कितनी कमाई करता है उसका राज खुल गया है। संसद में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इसका खुलासा किया है। साल 2021-22 में बीसीसीआई को कुल 7606 करोड़ रुपये कमाई हुई। और उस आधार पर बीसीसीआई ने उस अवधि के लिए 1,159 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स भी चुकाया है। जो पिछले साल की तुलना में 37 फीसदी ज्यादा है।
लगातार बढ़ रही है आमदनी
सरकार द्वारा दी गई जानकारी से साफ है कि बीसीसीआई अब कोरोना दौर के संकट से उबर चुका है। और उसकी कमाई तेजी से बढ़ रही है। साल 2020-21 में बीसीसीआई ने इनकम टैक्स के रूप में 844.92 करोड़ रुपये चुकाए। इसी तरह साल 2019-20 में 882.29 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स चुकाया। वहीं वित्तीय वर्ष 2018-19 में बोर्ड ने 815.08 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स चुकाया। साफ है कि बीसीसीआई साल 2021-22 में पिछले कुछ वर्षों में सबसे ज्यादा कमाई की है। और वह एक हजार करोड़ रुपये पार कर चुका है।
कितनी कमाई कितना खर्च
जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार साल 2021-22 के दौरान बीसीसीआई ने 7,606 करोड़ रुपये की कमाई की है। इससे पहले वित्त वर्ष 2020-21 में उसकी कमाई 4,735 करोड़ रुपये थी। जो कि केवल एक साल में करीब 2900 करोड़ रुपये बढ़ गई है। यानी लगातार बीसीसीआई अमीर होता जा रहा है। उसकी कमाई तेजी से बढ़ रही है।
