Hindustan Zinc Dividend: वेदांता ग्रुप की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के निदेशक मंडल ने चालू वित्त वर्ष के लिए 19 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दे दी है। इस हिसाब से कंपनी डिविडेंड के रूप में 8,028.11 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। निदेशक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) की तरफ से बीएसई को दी गई सूचना में कहा गया है कि निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 19 रुपये प्रति शेयर यानी दो रुपये प्रति शेयर के अंकित मूल्य पर 950 प्रतिशत के दूसरे अंतरिम लाभांश पर विचार किया और उसे मंजूरी दे दी है। यह 8,028.11 करोड़ रुपये की राशि बनती है।
ये भी पढ़ें -
शेयर में आई मजबूती
पहले ही खबर आ गई थी कि एचजेडएल वित्त वर्ष 2024-25 में अपने शेयरधारकों को 8,000 करोड़ रुपये के विशेष डिविडेंड का भुगतान करने की योजना बना रही है। इस ऐलान के बीच मंगलवार को हिंदुस्तान जिंक के शेयर में मजबूती आई है।
3 फीसदी से ज्यादा चढ़ा शेयर
BSE पर हिंदुस्तान जिंक का शेयर 495.75 रु के पिछले बंद स्तर के मुकाबले आज सुबह इसी भाव पर खुला। करीब सवा 3 बजे कंपनी का शेयर 16 रु या 3.23 फीसदी की तेजी के साथ 511.75 रु पर है। इस भाव पर कंपनी की मार्केट कैपिटल 2.16 लाख करोड़ रु है। (इनपुट - भाषा)
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर के रिटर्न और डिविडिडें की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
