बिजनेस

हिमाचल: सरकारी कर्मचारियों का 3 फीसदी बढ़ा DA,महिलाओं को भी हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये

हिमाचल दिवस के मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी कर दी। इस बढ़ोतरी से डीए 34 फीसदी हो जाएगा। साथ ही महिलाओं के लिए भी एक खास ऐलान किया गया।

Image

हिमाचल सरकार ने डीए बढ़ाया

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
  • हिमाचल सरकार ने बढ़ाया कर्मचारियों का डीए
  • 31 फीसदी से बढ़ कर 34 फीसदी हो जाएगा डीए
  • 4 लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को होगा लाभ

Himachal Govt DA Hike : हिमाचल प्रदेश में शनिवार को 76वां हिमाचल दिवस मनाया गया। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को खास तोहफा देने का ऐलान किया। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। इससे राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए अब डीए 31 फीसदी से बढ़ कर 34 फीसदी हो जाएगा। सीएम सुक्खू के इस ऐलान से करीब 2.15 लाख कर्मचारियों और 1.90 लाख पेंशनभोगियों को फायदा मिलेगा।

सरकार पर पड़ेगा इतना अतिरिक्त बोझ

सरकार की तरफ से जारी किए गए बयान के अनुसार डीए बढ़ाने से राज्य सरकार के खजाने पर अतिरिक्त लगभग 500 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का डीए बढ़ाने के अलावा पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के घोषणापत्र में किए गए एक वादे को भी पूरा किया। ये वादा महिलाओं के लिए किया गया था।

इन महिलाओं को मिलेंगे 1500 रु प्रति माह

हिमाचल सरकार स्पीति की सभी 18 वर्ष से अधिक आयु की 9,000 महिलाओं को 1,500 रु मासिक भत्ता देगी। इसका भी ऐलान कर दिया गया है। ये सहायता राशि जून 2023 से दी जाएगी। ये राशि 'हर घर लक्ष्मी, नारी सम्मान निधि' पहल के तहत दी जाएगी, जिसका मकसद इस क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाना है।

और क्या किए गए बड़े ऐलान

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने काजा में 50 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और एक कॉलेज बनाने का भी ऐलान किया। सीएम के मुताबिक स्पीति घाटी के रंगरिक में हवाई पट्टी डेवलप करने का मुद्दा रक्षा मंत्रालय के सामने उठाया जाएगा। वहीं लंग्जा में तारों को देखने वाली वेधशाला तैयार की जाएगी, जिसमें केंद्र सरकार की सहायता ली जाएगी। काजा के पास राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल तैयार किया जाएगा। इसके लिए जमीन की पहचान कर ली गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने आदिवासी जिले लाहौल स्पीति के काजा में हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण किया। यह पहली बार हुआ कि विशेष राज्य स्तरीय समारोह काजा में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने काजा के क्रिकेट मैदान में पौधारोपण भी किया।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article