बिजनेस

जीएसटी घटने से साबुन-तेल बनाने वाली कंपनी को फायदा, 3 महीने में 4 फीसदी बढ़ा मुनाफा

HUL Q3 Result: एफएमसीजी कंपनी एचयूएल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में अपना मुनाफा पिछले साल की तुलना में 4% बढ़ाया है। साथ ही कंपनी ने अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर 19 रुपये का डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।

Image

HUL Q3 Result

दैनिक उपभोग का घरेलू सामान बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का जुलाई-सितंबर तिमाही 2025 में एकीकृत शुद्ध लाभ 3.8 प्रतिशत बढ़कर 2,694 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर 2024 में उसे 2,595 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का राजस्व 2.1 प्रतिशत बढ़कर 16,034 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का राजस्व 15,703 करोड़ रुपये था।

कंपनी का बढ़ा खर्च

एचयूएल की आय विवरण के अनुसार, ‘‘ जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में एकीकृत अंतर्निहित बिक्री वृद्धि (यूएसजी) दो प्रतिशत और अंतर्निहित मात्रा वृद्धि (यूवीजी) सपाट रही। तिमाही के प्रदर्शन ने जीएसटी परिवर्तनों और देश के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक मानसून की स्थिति के प्रभाव का हवाला दिया गया है।’’

जुलाई-सितंबर तिमाही में एचयूएल का कुल खर्च 3.32 प्रतिशत बढ़कर 12,999 करोड़ रुपये रहा। अन्य राजस्व सहित कुल आय 1.5 प्रतिशत बढ़कर 16,388 करोड़ रुपये हो गई।

19 रुपए के डिविडेंड का ऐलान

एचयूएल के निदेशक मंडल ने गुरूवार को हुई बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 19 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी। एचयूएल की मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक प्रिया नायर ने कहा, ‘‘ हमने तिमाही में दो प्रतिशत की अंतर्निहित बिक्री वृद्धि (यूएसजी) और 23.2 प्रतिशत के कर पूर्व आय मुनाफे के साथ प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन किया है।

नवीनतम माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधार उपभोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा उठाया गया एक सकारात्मक कदम है। इससे जिससे प्रयोज्य आय में वृद्धि और उपभोक्ता भावना में सुधार की उम्मीद है। हालांकि, इस तिमाही में बाजार के इन बदलावों के साथ तालमेल बैठाने के कारण इसका प्रभाव क्षणिक ही रहा। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि नवंबर की शुरुआत से, कीमतों में स्थिरता आने के बाद सामान्य व्यापारिक स्थितियां शुरू हो जाएंगी, जिससे बाजार में धीरे-धीरे और निरंतर सुधार का मार्ग प्रशस्त होगा।’’

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article