बिजनेस

अप्रैल में GST Collection ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, सरकारी खजाने में आए 2.42 लाख करोड़ रुपये

अप्रैल 2026 मे GST Collection ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 1 मई को जारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2026 में कुल GST कलेक्शन 2.42 लाख करोड़ रुपये रहा, जो अब तक का सबसे ज्यादा है।

Image

ऑल टाइम हाई पर कलेक्शन

वैश्विक अस्थिरता और तेल संकट की चुनौती के बीच भारतीय इकोनॉमी के दमदार बने रहने का बड़ा संकेत मिला है। अप्रैल 2026 में GST Collection रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया है, जो देश में मजबूत आर्थिक गतिविधि का संकेत देता है। वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक वाणिज्यिक और आयात मोर्चे पर तेज बढ़ोतरी के दम पर ग्रॉस GST कलेक्शन 2,42,702 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल अप्रैल के 2,23,265 करोड़ रुपये से 8.7 फीसदी ज्यादा है। रिफंड बढ़ने के बावजूद नेट कलेक्शन में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई है।

घरेलू खपत ने संभाली कमान

अप्रैल में घरेलू जीएसटी राजस्व 1,85,122 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह 1,77,511 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर 4.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह आंकड़ा बताता है कि घरेलू मांग स्थिर बनी हुई है और खपत आधारित गतिविधियां अभी भी राजस्व को सहारा दे रही हैं। सीजीएसटी, एसजीएसटी और आईजीएसटी तीनों में मिलाकर घरेलू मोर्चे पर मजबूत वसूली दर्ज की गई।

आयात बिल बढ़ा, तो GST भी बढ़ा

इस बार सबसे तेज उछाल आयात से जुड़े जीएसटी में देखने को मिला। अप्रैल 2026 में आयात से जीएसटी संग्रह 57,580 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल अप्रैल के 45,754 करोड़ रुपये से 25.8 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़त वैश्विक व्यापार गतिविधि, आयात बिल और कर अनुपालन में मजबूती की ओर इशारा करती है। कुल सकल जीएसटी राजस्व में घरेलू और आयात, दोनों ने मिलकर सरकार की कमाई को नई ऊंचाई दी है।

श्रेणीअप्रैल 2025अप्रैल 2026वृद्धि (%)
घरेलू राजस्व (Gross Domestic Revenue)1,77,5111,85,1224.3%
आयात से राजस्व (Gross Import Revenue)45,75457,58025.8%
कुल सकल जीएसटी (Total Gross GST)2,23,2652,42,7028.7%
कुल रिफंड (Total Refunds)26,64731,79319.3%
नेट घरेलू राजस्व (Net Domestic Revenue)1,64,5801,65,1260.3%
नेट कस्टम्स राजस्व (Net Customs Revenue)32,03845,78442.9%
कुल नेट जीएसटी (Total Net GST Revenue)1,96,6182,10,9097.3%

नेट कलेक्शन फिर भी मजबूत

अप्रैल में कुल रिफंड 31,793 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 26,447 करोड़ रुपये से 19.3 प्रतिशत ज्यादा है। घरेलू रिफंड 54.6 प्रतिशत बढ़कर 19,996 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि निर्यात रिफंड के तहत आईजीईएटी से जुड़े रिफंड में 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। इसके बावजूद नेट जीएसटी राजस्व 2,10,909 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 7.3 प्रतिशत की बढ़त दिखाता है। नेट घरेलू राजस्व 1,65,126 करोड़ रुपये और नेट कस्टम्स राजस्व 45,784 करोड़ रुपये रहा। कस्टम्स मोर्चे पर 42.9 प्रतिशत की मजबूत छलांग खासतौर पर उल्लेखनीय रही।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article