बिजनेस

Gold News: सोने का आयात अप्रैल-जुलाई में 4.23% घटा, रहा 12.64 अरब डॉलर

Gold Import News: सोने के आयात में गिरावट हुई है। चालू वित्त वर्ष (2024-25) में अप्रैल-जुलाई के दौरान 4.23 प्रतिशत घटकर 12.64 अरब डॉलर रह गया है।

Image

कम हुआ सोने का आयात (तस्वीर-Canva)

Gold Import News: भारत का सोने का आयात वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण चालू वित्त वर्ष (2024-25) में अप्रैल-जुलाई के दौरान 4.23 प्रतिशत घटकर 12.64 अरब डॉलर रह गया है। सोना आयात का देश के चालू खाता घाटे (सीएडी) पर असर पड़ता है। पिछले साल समान अवधि में यह 13.2 अरब डॉलर था।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अकेले जुलाई में आयात 10.65 प्रतिशत घटकर 3.13 अरब डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 3.5 अरब डॉलर था। जून (-38.66 प्रतिशत) और मई (-9.76 प्रतिशत) के दौरान भी आयात घटा है। हालांकि, अप्रैल में आयात बढ़कर 3.11 अरब डॉलर हो गया, जो अप्रैल, 2023 में एक अरब डॉलर था।

एक आभूषण कारोबारी के अनुसार, ऊंची कीमतें आयात को हतोत्साहित कर रही हैं, लेकिन सितंबर से इसमें तेजी आएगी क्योंकि भारत में त्योहारी सत्र शुरू हो जाएगा और आयात शुल्क में कटौती का लाभ भी मिलेगा। सरकार ने सोने और चांदी पर सीमा शुल्क 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दिया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में उछाल के बीच 14 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 300 रुपये बढ़कर 73,150 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत का सोने का आयात 30 फीसदी बढ़कर 45.54 अरब डॉलर हो गया।

स्विटजरलैंड सोने के आयात का सबसे बड़ा स्रोत है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है, इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 प्रतिशत से अधिक) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 प्रतिशत) का स्थान है। देश के कुल आयात में कीमती धातु का हिस्सा पांच प्रतिशत से अधिक है। (इनपुट भाषा)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article