Sonam Wangchuk Row: शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मिलने के लिए विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल पहुंचा, जहां पर पुलिस ने सांसदों को सोनम वांगचुक से मिलने से रोक दिया। जिसके बाद वहां पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
संजय सिंह धरने पर बैठे
विपक्षी सांसद लगातार पुलिस से हॉस्पिटल के अंदर जाने की अपील करते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सोनम वांगचुक से मिलने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि अगर विपक्षी सांसद चाहे तो सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि से मुलाकात कर सकते हैं। ऐसे में गुस्साएं आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह हॉस्पिटल के गेट पर धरने पर बैठ गए।
'किस बात की परमिशन'
संजय सिंह और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोक हुई। संजय सिंह ने कहा, ''किससे परमिशन लें, प्राइवेट हॉस्पिटल है ये। आपको किस बात की दिक्कत है और किस बात की परमिशन चाहिए। हॉस्पिटल में जो मरीज भर्ती रहते हैं, उनसे मिलने के लिए परमिशन चाहिए आपको...'' पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महज ब्लड रिलेशन ही मिल सकते हैं और अन्य लोग नहीं मिल सकते हैं। हॉस्पिटल ने अभी किसी को परमिशन नहीं दी है। आप लोग एक बार परमिशन ले लें।
'हम धरने पर बैठे रहेंगे'
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रिया सरोज ने कहा कि हम लोग बैठे रहेंगे, जब तक हमें मिलने का अवसर नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा, ''जब तक हमें उनसे मिलने का मौका नहीं मिलेगा, हम बैठे रहेंगे और चाहे रात हो या सुबह, हम उनसे मिलकर ही जाएंगे। हमें भी मेडिकल प्रोटोकॉल दिखाओ। हमसे पहले कई नेता आए, आपने उन्हें जाने दिया और हमारे लिए मेडिकल प्रोटोकॉल आया और पुलिस का हमारे प्रति रवैया बहुत गलत था और जब तक हमें मिलने का मौका नहीं मिलता, हम यहीं बैठे रहेंगे।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '10 साल में 152 पेपर लीक की हुईं घटनाएं', मोदी सरकार पर बरसे राहुल गांधी, बोले- धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो
'वांगचुक को मारना चाहते हैं ये लोग'
पुलिस के साथ बहस के बाद संजय सिंह सहित विपक्ष के तमाम सांसद धरने पर बैठ गए। संजय सिंह ने कहा कि इतिहास में पहली बार आपने सुना होगा कि पुलिस लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती मरीज से मिलने से रोक रही है। हम सोनम वांगचुक से मिलने आए हैं, जो अस्पताल में भर्ती हैं। 55 सांसदों ने इस पत्र पर दस्तखत किए हैं, जिसके जरिए हम उनसे भूख हड़ताल को खत्म करने का अनुरोध करने आए हैं। क्या ये लोग सोनम वांगचुक को मारना चाहते हैं?
विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा मेदांता
विपक्षी सांसदों का एक वीडियो सामने आया, जिसमें आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह, समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज, राजद सांसद संजय यादव सहित अन्य सांसद नजर आ रहे हैं, जो सोनम वांगचुक से मुलाकात के लिए मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे हैं।
