Gold and Silver Rate Today, 28 November 2022: सोमवार को सोने की कीमत में गिरावट आई। इसी तरह आज चांदी की वायदा कीमत भी सस्ती हो गई। मजबूत अमेरिकी डॉलर की वजह से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना वायदा 0.13 फीसदी यानी 67 रुपये की गिरावट के साथ 53,023 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी वायदा 0.59 फीसदी या 362 रुपये की गिरावट के साथ 61,314 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के मुताबिक, हाजिर बाजार में शुक्रवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 52,660 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 61,829 रुपए प्रति किलो थी। सोने की हाजिर कीमतें दो सप्ताह से अधिक समय से 52,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर बनी हुई हैं, जबकि चांदी 62,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के करीब है।
आज इंदौर सराफा बाजार (Indore Sarafa Bazar) में 22 कैरेट का 1 ग्राम सोना 4,938 रुपये का हो गया। 1 ग्राम 24 कैरेट सोना 5,185 रुपये का है। चांदी की बात करें, तो यहां 1 किलो सिल्वर 67,500 रुपये पर बिक रही है।
वैश्विक बाजार में भी सस्ता हुआ सोना
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 0.2 फीसदी गिरकर 1,752.66 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.1 फीसदी नीचे गिरकर 1,751.80 डॉलर के स्तर पर आ गया। हाजिर चांदी 1.3 फीसदी फिसलकर 21.31 डॉलर, प्लैटिनम 0.4 फीसदी गिरकर 976.28 डॉलर और पैलेडियम 0.6 फीसदी गिरकर 1,840.97 डॉलर हो गया।
डॉलर के मुकाबले फिसला रुपया
विदेश में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया छह पैसे की गिरावट के साथ 81.77 के स्तर पर आ गया। इस संदर्भ में विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट के साथ ही विदेशी कोषों की आवक से भारतीय मुद्रा की गिरावट सीमित रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में सोमवार को रुपया 81.81 पर खुला था। जबकि शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपये मामूली कमजोरी के साथ 81.71 पर बंद हुआ था।
