Gold and Silver Rate Today, 14 December 2022: बुधवार को सोने की कीमत में मामूली तेजी दर्ज की गई। ऐसा इसलिए क्योंकि निवेशकों को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर के फैसले का इंतजार है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना वायदा 0.16 फीसदी या 85 रुपये बढ़कर 54,828 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी की वायदा कीमत 0.40 फीसदी या 276 रुपये बढ़कर 69,051 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
एक महीने में इतना बदला गोल्ड-सिल्वर का दाम
दुनिया के टॉप उपभोक्ता की ओर से कोरोना वायरस महामारी से जुड़े प्रतिबंधों में ढील देने के बाद कीमती धातु की मांग बढ़ी है, जिसकी वजह से चीन में सोने के प्रीमियम में पिछले हफ्ते वृद्धि दर्ज हुई है। जबकि उच्च कीमतों ने भारत में गतिविधि को मौन कर दिया। पिछले एक महीने में सोने की हाजिर कीमत में करीब 1,750 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल आया है, जबकि समीक्षाधीन इसी अवधि में चांदी की कीमत 5,800 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक बढ़ी है।
ग्लोबल मार्केट में लगभग सभी कीमती धातुओं की कीमत में उछाल दर्ज किया गया। सोना 1.66 फीसदी ऊपर 1822 डॉलर पर आ गया। चांद 2.34 फीसदी उछलकर 23.95 डॉलर पर पहुंच गई। कॉपर 1.16 फीसदी महंगा होकर 384 डॉलर और जिंक 0.89 फीसदी बढ़कर 3270 डॉलर पर आ गया। इस बीच एल्युमिनियम की कीमत में गिरावट दर्ज की गई है। इसमें 2.68 फीसदी की गिरावट आई और यह 2414 डॉलर पर आ गया।
इतना हुआ क्रूड ऑयल का दाम
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और भारतीय रुपये में तेजी एवं सप्लाई को लेकर चिंता से क्रूड ऑयल में उछाल दर्ज किया गया है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 3 फीसदी से भी ज्यादा बढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया। इसकी कीमत 80.44 डॉलर प्रति बैरल है। वहीं WTI 2.73 फीसदी बढ़कर 75.17 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
