Big Bazar And Future Retail Bidding: फ्यूचर रिटेल की किस्मत का फैसला अब एक कंपनी पर अटक गया है। धीरे-धीरे गौतम अडानी से लेकर मुकेश अंबानी ने किशोर बियानी को खरीदने से दूरी बना ली है। ऐसे में अब कंपनी को खरीदने के रेस में केवल एक कंपनी रह गई है। Space Mantra ने फ्यूचर रिटेल (Future Retail) को खरीदने के लिए 550 करोड़ रुपये की बोली लगाई है। हालांकि 550 करोड़ रुपये की रकम इतनी कम है कि बैंकों के लिए इस ऑफर पर समझौता करना बेहद मुश्किल है। फ्यूचर रिटेल पर बैंकों की करीब 19,200 करोड़ रुपये की देनदारी है। ऐसे में दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही फ्यूचर रिटेल का मामला अटक सकता है।
कौन है Space Mantra
NBCC के पूर्व चैयरमैन अनूप कुमार मित्तल Space Mantra के प्रमोटर हैं। ईकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार दिवालिया प्रक्रिया के तहत पूरे फ्यूचर रिटेल को खरीदने के लिए केवल Space Mantra ने बोली लगाई है। इसके अलावा कुछ 6 छोटे रिटेलर्स ने भी कंपनी के कुछ हिस्से को खरीदने की बोली लगाई है। लेकिन यह रकम 550 करोड़ रुपये से भी कम है। ऐसे में साफ है कि इतनी कम राशि में बैंकों के लिए फ्यूचर रिटेल को बेचना फायदे का सौदा नहीं हो सकती है। क्योंकि बैंकों को दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही फ्यूचर रिटेल से 19200 करोड़ रुपये वसूलने हैं।
अडानी-अंबानी भी पीछे हटे
फ्यूचर रिटेल के लिए 49 एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आए थे। इसमें सबसे अहम नाम मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल और गौतम अडानी के अडानी समूह फ्यूचर रिटेल के लिए बोली लगाने वाले शुरुआती बिडर्स में शामिल थे। लेकिन उन्होंने भी हाथ खींच लिए हैं।इससे पहले अप्रैल में NCLT की मुंबई बेंच ने कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (Corporate Insolvency Resolution Process) या सीआईआरपी की क्लोजिंग के लिए फ्चूयर रिटेल को 15 जुलाई, 2023 तक 90 दिनों का एडिश्नल समय दिया था। जिससे कि उसकी बिडिंग प्रक्रिया पूरी हो जाए। फ्यूचर रिटेल के खिलाफ सीआईआरपी इसके लेंडर बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India) ने तब शुरू किया था, जब ये लोन चुकाने में असफल रही थी।
