बिजनेस

अमीरों की दुनिया में भारत का जलवा! Forbes लिस्ट में शामिल हुए 24 नए चेहरे, अंबानी-अडानी के अलावा इनके नाम जानकर रह जाएंगे दंग!

Forbes Billionaire List : इस साल भारत में अरबपतियों की संख्या ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले साल जहां देश में 205 अरबपति थे, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 229 हो गई है। आइए आपको बताते हैं कौन कौन इस लिस्ट में शामिल है?

Image

Forbes Billionaire List

साल 2026 की शुरुआत देश के उद्योगपतियों के लिए बेहद शानदार साबित हुई है। फोर्ब्स वर्ल्ड्स बिलियनेयर्स 2026 की ताजा लिस्ट ने यह साफ कर दिया है कि दुनिया भर में आर्थिक उथल-पुथल के बावजूद भारत के अमीरों की चमक फीकी नहीं पड़ी है। इस साल भारत में अरबपतियों की संख्या ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले साल जहां देश में 205 अरबपति थे, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 229 हो गई है। यानी महज एक साल के भीतर 24 नए चेहरे इस खास क्लब में शामिल हुए हैं। शेयर बाजार में नई कंपनियों की लिस्टिंग और भारतीय बाजार के विस्तार ने इन नए रईसों के लिए रास्ते खोले हैं।

कौन है सबसे अमीर?

भारत के सबसे अमीर व्यक्ति के तौर पर मुकेश अंबानी का राज एक बार फिर बरकरार है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुनाफे में हुई 12% की बढ़ोतरी ने उन्हें न केवल भारत, बल्कि एशिया का सबसे शक्तिशाली और अमीर शख्स बनाए रखा है। हालांकि, वह 100 अरब डॉलर के एलीट क्लब में दोबारा शामिल होने से बहुत मामूली अंतर से चूक गए, लेकिन उनकी कुल संपत्ति 99.7 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। उनके ठीक बाद इंफ्रास्ट्रक्चर किंग गौतम अडानी का नाम आता है, जिनकी संपत्ति 63.8 अरब डॉलर आंकी गई है। इन दोनों दिग्गजों की कुल संपत्ति में पिछले एक साल में करीब 14.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है, जो भारतीय कॉर्पोरेट जगत की मजबूती को दर्शाता है।

महिलाओं का भी है जलवा

इस साल की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाली खबर महिलाओं और कुछ खास उद्योगपतियों को लेकर आई है। सावित्री जिंदल, जो ओ.पी. जिंदल ग्रुप की प्रमुख हैं, न केवल देश की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं, बल्कि वह भारत की तीसरी सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं। उनके नेतृत्व में देश की 20 महिला अरबपतियों का समूह भारतीय व्यापार जगत में अपनी धाक जमा रहा है। वहीं, अगर बात करें सबसे तेज ग्रोथ की, तो स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल ने सबको पीछे छोड़ दिया है। उनकी कंपनी आर्सेलर मित्तल के शेयरों में 80% के उछाल की वजह से उनकी संपत्ति 61% बढ़कर 31 अरब डॉलर हो गई है। मित्तल अब स्विट्जरलैंड शिफ्ट हो चुके हैं, लेकिन भारतीय मूल के अमीरों में उनका कद और बढ़ा है।

वैश्विक स्तर पर देखें तो एलन मस्क $839 बिलियन की अविश्वसनीय संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने हुए हैं। उनके बाद गूगल के लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन का नंबर आता है। दुनिया के टॉप 5 अमीरों में तकनीक (Technology) क्षेत्र का दबदबा साफ दिखाई देता है। भारत के नजरिए से देखें तो शीर्ष 10 रईसों के पास देश की कुल अरबपति संपत्ति का एक तिहाई से ज्यादा हिस्सा है। यह आंकड़े बताते हैं कि भारत में धन का सृजन बहुत तेजी से हो रहा है, जो आने वाले समय में देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के सपने को मजबूती प्रदान करता है।

भारत के सबसे अमीर लोग

रैंकनामनेटवर्थ (अरब डॉलर)मुख्य स्रोत
1मुकेश अंबानी$99.7 Bरिलायंस इंडस्ट्रीज
2गौतम अदानी$63.8 Bइंफ्रास्ट्रक्चर, कमोडिटीज
3सावित्री जिंदल और फैमिली$39.1 Bस्टील (जिंदल ग्रुप)
4लक्ष्मी मित्तल$31.0 Bस्टील (आर्सेलर मित्तल)
5शिव नादर$30.9 Bसॉफ्टवेयर सर्विसेज (HCL)
6सायरस पूनावाला$27.0 Bवैक्सीन (सीरम इंस्टीट्यूट)
7दिलीप सांघवी$25.6 Bफार्मास्युटिकल्स (सन फार्मा)
8कुमार बिड़ला$21.1 Bआदित्य बिड़ला ग्रुप
9राधाकिशन दमानी$15.7 Bरिटेल (DMart)
10उदय कोटक$14.4 Bबैंकिंग (कोटक महिंद्रा)
दुनिया के टॉप 5 अमीर लोग
रैंकनामनेटवर्थ (अरब डॉलर)देशसोर्स
1एलन मस्क$839 BUSATesla, SpaceX
2लैरी पेज$257 BUSAGoogle
3सर्गेई ब्रिन$237 BUSAGoogle
4जेफ़ बेज़ोस$224 BUSAAmazon
5मार्क ज़करबर्ग$222 BUSAFacebook (Meta)
Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article