बिजनेस

त्योहारों से ठीक पहले महंगाई का बड़ा बम: 1 सितंबर से 9 रुपये महंगा होगा दूध, जानिए क्या-क्या होगा महंगा

Milk Price Hike: त्योहारी सीजन में 1 सितंबर से महाराष्ट्र में दूध 9 रुपये महंगा होगा। इससे दही, पनीर, घी और मिठाइयों के दाम बढ़ेंगे, जिससे आम जनता के किचन का बजट बिगड़ेगा।

Image

चाय से लेकर मिठाई तक सब होगी महंगी! (तस्वीर-AI)

Milk Price Hike : त्योहारों की शुरुआत होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ने लगा है। अब 1 सितंबर से दूध के दामों में 9 रुपये प्रति लीटर की सीधी बढ़ोतरी होने जा रही है। दूध की कीमतें बढ़ने से हर घर के किचन का मंथली बजट बिगड़ने वाला है। चाय से लेकर बच्चों के दूध तक, हर चीज अब पहले से ज्यादा महंगी हो जाएगी। दूध में 9 रुपये प्रति लीटर की यह बड़ी बढ़ोतरी महाराष्ट्र में लागू होने जा रही है। 1 सितंबर से महाराष्ट्र के सभी प्रमुख शहरों और कस्बों में लोगों को दूध के लिए ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। स्थानीय डेयरी और दूध बेचने वाली कंपनियों ने मिलकर यह नया फैसला लिया है, जिससे वहां रहने वाले लाखों परिवारों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

इस साल कई बार महंगे हो चुके हैं दूध के दाम

इस साल दूध की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी देखने को मिली है। पिछले आठ महीनों में देश की अलग-अलग कंपनियों और राज्यों ने कई बार दाम बढ़ाए हैं। अमूल और मदर डेयरी जैसी बड़ी कंपनियों ने 14 मई को दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। इसके बाद राजस्थान की 'सरस', मध्य प्रदेश की 'सांची' और महाराष्ट्र की 'गोकुल' जैसी लोकल डेयरियों ने भी अपने रेट बढ़ा दिए थे। जून महीने की शुरुआत में केरल की 'मिल्मा' डेयरी ने दूध के दाम 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए थे। अगस्त में छोटी बढ़ोतरी के बाद अब 1 सितंबर से महाराष्ट्र में 9 रुपये की सबसे बड़ी बढ़ोतरी लागू होने वाली है।

दूध महंगा होने से और क्या-क्या होगा महंगा?

दूध सिर्फ पीने के काम ही नहीं आता, बल्कि इससे कई तरह की खाने-पीने की चीजें बनती हैं। दूध का रेट बढ़ते ही उससे बनने वाले सभी डेयरी प्रोडक्ट्स भी महंगे हो जाएंगे।

  • दही, पनीर और मक्खन:- अगर दूध महंगा होगा, तो डेयरी से मिलने वाला दही, पनीर, मक्खन और खोया भी महंगा मिलेगा।
  • घी और मिठाइयां:- त्योहारों के समय घी और मिठाइयों की मांग बहुत ज्यादा होती है। दूध के दाम बढ़ने से बाजार में मिठाइयां और देसी घी खरीदना भी ज्यादा महंगा हो जाएगा।
  • चाय और कॉफी:- दुकानों और होटलों में मिलने वाली चाय और कॉफी के दाम भी बढ़ सकते हैं।
  • बिस्किट और चॉकलेट:- बेकरी में बनने वाले केक, पेस्ट्री, बिस्किट और चॉकलेट बनाने में भी दूध का इस्तेमाल होता है, इसलिए इनके दामों पर भी असर पड़ सकता है।

अचानक क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम?

दूध के दाम अचानक एक दिन में नहीं बढ़े हैं। इससे पहले इसी महीने 11 अगस्त को महाराष्ट्र में 'दूध प्रोड्यूसर और प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन' ने गाय और भैंस दोनों तरह के दूध पर 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब उसी फैसले को आगे बढ़ाते हुए 1 सितंबर से इसमें 9 रुपये तक का भारी इजाफा करने का एलान किया गया है। दूध का उत्पादन करने वाले किसानों का कहना है कि पशुओं के चारे और ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ गया है, जिसकी वजह से रेट बढ़ाना जरूरी हो गया था।

क्या आगे भी बढ़ेंगे दूध के दाम?

फिलहाल आम इंसान को महंगाई से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। रेटिंग एजेंसी 'क्रिसिल' (CRISIL) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे साल में दूध के दाम अभी 4 से 5 प्रतिशत तक और बढ़ सकते हैं। कंपनियां यह बढ़ोतरी एक साथ करने के बजाय धीरे-धीरे करेंगी ताकि ग्राहकों को एकदम से बहुत बड़ा झटका न लगे। इसके साथ ही दही, पनीर, मक्खन और घी की कीमतों में भी आगे चलकर 5 से 6 प्रतिशत तक की और बढ़ोतरी देखी जा सकती है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में रसोई का खर्च और बढ़ने वाला है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article