बिजनेस

फर्जी ऐप्स एक गंभीर खतरा, बड़ी टेक कंपनियां रेगुलेटर्स के साथ मिलकर इस पर काम करें: SEBI

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के प्रमुख ने कहा, ’’फर्जी ऐप अब एक गंभीर खतरा हैं और इनसे अपूर्णीय वित्तीय क्षति हो सकती है।’’ उन्होंने कहा कि सेबी का दृष्टिकोण किसी भी नुकसान के होने से पहले ही उस पर रोक लगाने का रहा है।

Image

सेबी चेयरमैन ने फर्जी ऐप्स को लेकर जताई चिंता।

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने बुधवार को फर्जी ऐप्स को निवेशकों के लिए एक “गंभीर खतरा” बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐप लोगों को गुमराह करके उनकी मेहनत की कमाई को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने Google और Meta जैसी बड़ी टेक कंपनियों से अपील की कि वे वित्तीय नियामकों के साथ मिलकर काम करें, ताकि निवेशकों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके और धोखाधड़ी को रोका जा सके।

पांडेय ने यह भी कहा कि आने वाले समय में निवेशकों की संख्या तेजी से बढ़ने वाली है। ऐसे में जरूरी है कि बाजार में भरोसा बना रहे और सभी संबंधित पक्ष मिलकर पारदर्शिता और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने यहां गूगल के सहयोग से सत्यापित ऐप लेबल पहल शुरू किये जाने के के अवसर पर कहा कि भारतीय निवेशकों की संख्या 14 करोड़ तक पहुंच गई है और कुल बाजार पूंजीकरण 423 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

फेक ऐप्स हैं गंभीर खतरा

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के प्रमुख ने कहा, ’’फर्जी ऐप अब एक गंभीर खतरा हैं और इनसे अपूर्णी वित्तीय क्षति हो सकती है।’’ उन्होंने कहा कि सेबी का दृष्टिकोण किसी भी नुकसान के होने से पहले ही उस पर रोक लगाने का रहा है। उन्होंने कहा, ’’नियामकों, मध्यस्थों और बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों को मिलकर काम करना चाहिए क्योंकि निवेशकों की सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है।’’

पांडेय ने कहा कि बुधवार को शुरू की गई इस पहल से यह सुनिश्चित होगा कि गूगल के प्ले स्टोर पर मौजूद ऐप में एक सत्यापित बैज यानी विशिष्ट चिह्न हो और उपयोगकर्ता उसे देखने के बाद सुरक्षित रूप से लेनदेन कर सकें।

उन्होंने कहा कि यह पहल शेयर ब्रोकर के 600 ऐप से शुरू हो रही है। पंजीकृत निवेश सलाहकारों और ऑनलाइन बॉन्ड मंचों सहित अन्य मध्यस्थों को भी समय के साथ जोड़ा जाएगा। पांडेय ने कहा कि सत्यापित बैज की पहल एक अग्रणी प्रयास है और दुनिया के अन्य देश भी इसका अनुसरण करेंगे। इसी कार्यक्रम में सेबी के पूर्णकालिक सदस्य के सी वार्ष्णेय ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करने के तरीके खोजने होंगे कि ऐप स्टोर पर गलत ऐप बिल्कुल भी न हों।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article