अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य हैं और अपने PF खाते की रकम का इस्तेमाल घर खरीदने, नया मकान बनाने या होम लोन चुकाने के लिए करना चाहते हैं तो ये जानकारी आपके लिए बेहद काम की साबित हो सकती है। आपके लिए पहले नियमों को समझना बेहद जरूरी है। EPFO के 2026 के नियमों में आवास से जुड़े PF निकासी के लिए कुछ अहम शर्तें तय की गई हैं। इनका पालन नहीं करने पर आपका दावा प्रभावित हो सकता है।
घर खरीदने के लिए कितनी राशि निकाल सकते हैं?
EPFO के नियमों के अनुसार, अगर आप हाउसिंग स्कीम के तहत आवेदन करते हैं और कम से कम 3 साल की पात्र सेवा पूरी कर चुके हैं, तो कुछ शर्तों के साथ अपने कुल EPF कॉर्पस का 90% तक निकाल सकते हैं। इसके लिए आपके खाते में न्यूनतम 20,000 का बैलेंस होना चाहिए।
वहीं, सामान्य हाउसिंग एडवांस के तहत कम से कम 5 वर्ष की सेवा पूरी होने पर कर्मचारी अपने मूल वेतन और महंगाई भत्ते (DA) के 36 महीने तक के बराबर, वास्तविक संपत्ति की कीमत या उपलब्ध PF बैलेंस इन तीनों में जो राशि सबसे कम होगी, उतनी ही निकासी कर सकता है।
इन शर्तों का पालन करना होगा
घर खरीदने या निर्माण के लिए PF निकालने पर कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी लागू होती हैं। निकाली गई राशि मिलने के 6 महीने के भीतर संपत्ति का सौदा पूरा होना चाहिए। अगर मकान का निर्माण करवाया जा रहा है, तो निर्माण कार्य भी छह महीने के भीतर शुरू होना चाहिए और अंतिम किस्त मिलने के 12 महीने के अंदर पूरा होना जरूरी है।
इसके अलावा, जिस संपत्ति के लिए PF निकाला जा रहा है, वह केवल आपके नाम या आपके और आपके जीवनसाथी के संयुक्त नाम पर ही हो सकती है। माता-पिता, भाई-बहन या किसी अन्य रिश्तेदार के नाम पर खरीदी गई संपत्ति के लिए PF निकासी की अनुमति नहीं मिलेगी।
क्या होम लोन चुकाने के लिए भी निकाल सकते हैं PF?
अगर आपने पहले से होम लोन (Home Loan) लिया हुआ है तो EPFO आपको उस लोन का बकाया चुकाने के लिए भी PF की रकम निकालने की अनुमति देता है। हालांकि इसके लिए कुछ अतिरिक्त शर्तें लागू होती हैं। आमतौर पर सदस्य के पास 3- 10 वर्ष की EPF सदस्यता होनी चाहिए और आप अपने कुल PF (भविष्य निधि) बैलेंस का अधिकतम 90% तक निकाल सकते हैं, लेकिन निकाली जाने वाली राशि आपके होम लोन की वास्तविक बकाया रकम (Outstanding Loan Amount) से अधिक नहीं हो सकती। कई मामलों में भुगतान सीधे बैंक या हाउसिंग फाइनेंस कंपनी को किया जाता है।
जल्दबाजी में न लें फैसला
हालांकि PF की रकम से घर खरीदना या होम लोन का बोझ कम करना आसान हो सकता है, लेकिन यह पैसा आपके रिटायरमेंट के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए निकासी का फैसला लेने से पहले यह जरूर सोचें कि इससे आपकी भविष्य की बचत पर क्या असर पड़ेगा। अगर आपके पास दूसरे वित्तीय विकल्प उपलब्ध हैं, तो पहले उनका मूल्यांकन करना भी समझदारी होगी।
