बिजनेस

EPFO के डिजिटल सिस्टम में बड़ा बदलाव: अब PF क्लेम होगा तेज, 5 लाख रुपये तक के क्लेम का ऑटो सेटलमेंट

EPFO ने डिजिटल सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है। अब 5 लाख रुपये तक PF क्लेम का ऑटो सेटलमेंट, तेज भुगतान, आसान ट्रांसफर और पारदर्शी सेवाओं से करोड़ों सदस्यों को फायदा मिलेगा।

Image

EPFO का बड़ा बदलाव (तस्वीर-AI generated image)

EPFO Big Update : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपनी डिजिटल सेवाओं में बड़ा बदलाव किया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया (Mansukh Mandaviya) ने बताया कि EPFO ने अपने सभी सदस्यों के रिकॉर्ड को एक नए सेंट्रलाइज्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर कर दिया है। इस बदलाव का उद्देश्य कर्मचारियों को तेज, पारदर्शी और आसान PF सेवाएं उपलब्ध कराना है।

EPFO का पूरा डेटा अब एक ही प्लेटफॉर्म पर

पहले EPFO का सिस्टम अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों में बंटा हुआ था। हर कार्यालय में सदस्यों का अलग डेटा रखा जाता था, जिससे कई बार काम पूरा होने में ज्यादा समय लगता था। अब सेंट्रलाइज्ड आईटी इनेबल्ड सर्विसेज (CITES) परियोजना के तहत EPFO का पूरा सदस्य डेटा एक ही राष्ट्रीय डेटाबेस में आ गया है। इस नई व्यवस्था के बाद देश के किसी भी अधिकृत कार्यालय से PF से जुड़ी सेवाओं को प्रोसेस किया जा सकेगा। अब किसी सदस्य का काम सिर्फ उसके क्षेत्रीय कार्यालय तक सीमित नहीं रहेगा।

34 करोड़ खातों में जल्द जमा होगा ब्याज

मंत्री ने बताया कि नए सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के तहत वित्त वर्ष 2025-26 का PF ब्याज करीब 34 करोड़ सदस्यों के खातों में 15 जुलाई तक जमा किया जाएगा। इस दौरान करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये की राशि सदस्यों के खातों में ट्रांसफर होगी। पहले EPFO द्वारा ब्याज दर घोषित किए जाने के बाद भी सदस्यों के खातों में ब्याज जमा होने में कई महीने लग जाते थे। अब नई व्यवस्था से यह प्रक्रिया पहले के मुकाबले काफी तेज होगी। सदस्य अपने EPFO पासबुक में ब्याज जमा होने की जानकारी देख सकेंगे।

PF खाते की सभी जानकारी एक जगह मिलेगी

नई डिजिटल व्यवस्था के तहत EPFO सदस्य पोर्टल पर कर्मचारियों को एक ही जगह पर कई सुविधाएं मिलेंगी। सदस्य अपने PF बैलेंस, सदस्यता से जुड़ी जानकारी, क्लेम स्टेटस, पेंशन सेवा रिकॉर्ड और पहले मिले लाभों की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे। पहले कर्मचारियों की जानकारी अलग-अलग सिस्टम में मौजूद होती थी, जिससे उन्हें कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब एक यूनिफाइड डिजिटल इंटरफेस से PF खाते की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।

5 लाख रुपये तक के PF क्लेम का ऑटो सेटलमेंट

EPFO ने PF निकासी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑटो सेटलमेंट (PF Claim Settlement) सुविधा का दायरा बढ़ा दिया है। अब पूरी तरह KYC से जुड़े और सत्यापित एडवांस PF क्लेम में से बड़ी संख्या में दावों को ऑटोमैटिक तरीके से निपटाया जाएगा। इस सुविधा की सीमा पहले 1 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 5 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों को PF पैसे निकालने के लिए लंबे इंतजार और कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

क्लेम रिजेक्शन कम होंगे

नई व्यवस्था में PF क्लेम जमा करने से पहले सिस्टम खुद जांच करेगा कि आवेदन सही है या नहीं। यदि किसी दस्तावेज या जानकारी में कमी होगी तो सदस्य को पहले ही इसकी जानकारी दे दी जाएगी। इससे गलत आवेदन कम होंगे और क्लेम रिजेक्शन की संख्या में भी कमी आएगी। साथ ही सदस्य यह भी जान सकेंगे कि वे अलग-अलग नियमों के तहत कितनी राशि निकालने के योग्य हैं।

ऑनलाइन होगी शिकायत और जानकारी की सुविधा

अब अगर किसी PF क्लेम के लिए अतिरिक्त जानकारी या स्पष्टीकरण की जरुरत होगी तो EPFO कार्यालय ऑनलाइन माध्यम से सदस्य से संपर्क कर सकेंगे। सदस्य भी डिजिटल तरीके से जवाब दे पाएंगे। इससे कर्मचारियों को बार-बार PF कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और क्लेम प्रक्रिया जल्दी पूरी होगी।

PF भुगतान और ट्रांसफर प्रक्रिया में भी बदलाव

नई व्यवस्था में PF भुगतान के लिए सेंट्रलाइज्ड पेमेंट सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत क्लेम मंजूर होने के दिन ही राशि सीधे सदस्य के बैंक खाते में भेजने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। इसके अलावा अंतिम PF भुगतान में ब्याज की गणना अब भुगतान मंजूरी की तारीख तक की जाएगी। इससे सदस्यों को बीच की अवधि का अतिरिक्त ब्याज भी मिलेगा।

PF निकासी के नियम हुए आसान

EPFO ने PF आंशिक निकासी के पुराने 13 जटिल नियमों को घटाकर 3 आसान श्रेणियों में बांट दिया है। इनमें जरूरी जरुरतें, आवास से जुड़ी जरुरतें और विशेष परिस्थितियां शामिल हैं। अब EPFO सदस्य अपने कुल PF बैलेंस का 75 प्रतिशत तक पैसा निकाल सकेंगे।

नौकरी बदलने पर PF ट्रांसफर होगा आसान

आधार से जुड़े UAN वाले PF खातों को नौकरी बदलने पर अब अपने आप ट्रांसफर किया जा सकेगा। पहले PF ट्रांसफर के लिए पुराने और नए नियोक्ता की मंजूरी के साथ अलग आवेदन करना पड़ता था। नई व्यवस्था से कर्मचारियों को लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी और उनकी सर्विस हिस्ट्री भी सुरक्षित रहेगी।

पेंशनर्स को भी मिलेगा फायदा

EPFO की नई प्रणाली का लाभ पेंशनर्स को भी मिलेगा। अब पेंशन से जुड़े कामों के लिए वे देश के किसी भी PF कार्यालय से सहायता ले सकेंगे। सेंट्रलाइज्ड पेंशन भुगतान प्रणाली के तहत किसी भी क्षेत्रीय कार्यालय से स्वीकृत पेंशन सीधे देश के किसी भी बैंक खाते में भेजी जा सकेगी। पहले पेंशनर्स केवल उसी बैंक शाखा से पेंशन प्राप्त कर सकते थे, जिससे उनका पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) जुड़ा होता था। EPFO का यह बदलाव करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए डिजिटल सुविधा, तेज सेवा और आसान प्रक्रिया की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article