बिजनेस

पीएफ खाते से निकालना है पैसा तो अभी रुक जाएं! अगले 15 दिन फंस सकता है आपका क्लेम, यह है बड़ा कारण

अगर आप भी अपने पीएफ अकाउंट से पैसा निकालने की प्लानिंग कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। दरअसल, EPFO की वेबसाइट अपडेट होने के बाद कई कामों में दिक्कत आ रही है।

Image

EPFO

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए ऑनलाइन सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पिछले कुछ दिनों से ईपीएफओ की वेबसाइट और सिस्टम को अपडेट करने का काम चल रहा था। लेकिन इस नए अपडेशन के तुरंत बाद पीएफ खाते से पैसे निकालना थोड़ा मुश्किल हो गया है। अगर आप भी इस समय अपने पीएफ खाते से एडवांस या पूरा पैसा निकालने की सोच रहे हैं, तो फिलहाल कुछ दिन रुक जाना ही समझदारी होगी। जानकारों के मुताबिक, अगर आप अभी क्लेम करते हैं, तो इस बात की पूरी संभावना है कि आपका पैसा अगले दो हफ्तों तक अटक सकता है।

क्यों अटक सकता है पैसा?

अगर आपने हाल ही में पीएफ निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम किया है और अभी तक आपके खाते में पैसे नहीं आए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। सिस्टम में हुए इस बड़े बदलाव के कारण कई खाताधारकों का पैसा फंसा हुआ है, जो आने वाले दो सप्ताह के भीतर आपके खाते में वापस आ जाएगा। ईपीएफओ ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (Twitter) पर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। संगठन ने बताया कि हाल ही में सिस्टम को अपग्रेड करने और डाटाबेस माइग्रेशन (डाटा को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करने) का काम किया गया है, ताकि आगे चलकर सेवाएं और तेज हो सकें। जब तक यह नई तकनीक पूरी तरह सेटल नहीं हो जाती, तब तक यूजर्स को थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

इन कामों में भी हो रही है देरी

ईपीएफओ के मुताबिक, इस बदलाव के दौर में सबसे ज्यादा असर क्लेम सेटलमेंट (पैसे निकालने की प्रक्रिया) और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं पर पड़ा है। अगले कुछ समय तक पीएफ से पैसे निकालने, खाता ट्रांसफर करने या प्रोफाइल अपडेट करने जैसी सभी सर्विस रिक्वेस्ट को पूरा होने में सामान्य से ज्यादा समय लग सकता है। विभाग इन सभी पेंडिंग कामों को धीरे-धीरे निपटा रहा है ताकि यूजर्स के डाटा की सुरक्षा और सटीकता से कोई समझौता न हो। इसलिए खाताधारकों को सलाह दी गई है कि वे थोड़ा धैर्य रखें क्योंकि शुरुआती दो हफ्तों तक वेरिफिकेशन और वैलिडेशन का काम थोड़ा धीमा रहेगा।

बार-बार न करें ये काम

इस स्थिति को देखते हुए ईपीएफओ ने अपने करीब 8 करोड़ खाताधारकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। संगठन का कहना है कि पीएफ मेंबर्स को इस समय बार-बार क्लेम की रिक्वेस्ट डालने या एक ही काम के लिए बार-बार अप्लाई करने से बचना चाहिए। ऐसा करने से वेबसाइट और सिस्टम पर लोड बढ़ जाएगा, जिससे काम होने में और भी ज्यादा देरी हो सकती है। एक बार जब यह अपग्रेडेशन का प्रोसेस पूरी तरह खत्म हो जाएगा, तो यह पूरा प्लेटफॉर्म पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी और सुरक्षित तरीके से काम करने लगेगा।

इस सिस्टम अपग्रेड का असर उमंग (UMANG) ऐप पर भी पड़ा है। ईपीएफओ ने बताया है कि उमंग ऐप के जरिए मिलने वाली पीएफ की सेवाओं को अस्थायी रूप से (Temporarily) रोक दिया गया है। जब तक माइग्रेशन का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक सब्सक्राइबर्स को सिर्फ ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही क्लेम करने की सलाह दी गई है। हालांकि, सबसे बेहतर यही होगा कि आप फिलहाल कुछ दिन नया क्लेम करने से बचें। वहीं जिन लोगों का क्लेम पहले से पेंडिंग दिखा रहा है, वे घबराकर अपना क्लेम रिजेक्ट न करें और न ही नई रिक्वेस्ट सबमिट करें, क्योंकि ऐसा करने से आपका पैसा और लंबे समय के लिए फंस सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article