कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) देश के करोड़ों कर्मचारियों की बचत का सबसे भरोसेमंद साधन माना जाता है। नौकरी करने वाले लगभग हर व्यक्ति का पीएफ खाता होता है, जो न सिर्फ रिटायरमेंट के लिए काम आता है बल्कि अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर भी मदद करता है। हालांकि अभी तक पीएफ से पैसे निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है और मंजूरी मिलने के बाद रकम आने में 2–3 दिन का समय लगता है। इमरजेंसी में यह इंतजार लोगों के लिए परेशानी बन जाता है। अब सरकार और EPFO इस प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
क्या है EPFO 3.0?
EPFO जल्द ही अपना नया प्लेटफॉर्म “EPFO 3.0” लॉन्च करने जा रहा है। इसका मकसद है पीएफ अकाउंट धारकों को बैंक जैसा अनुभव देना। यानी अब न तो लंबा क्लेम प्रोसेस करना होगा और न ही पैसों के लिए इंतजार। नई व्यवस्था के तहत ATM से सीधे पैसा निकालने और UPI पेमेंट की सुविधा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। इससे निकासी और लेन-देन तुरंत संभव हो सकेगा।
नई सुविधा शुरू होने के बाद पीएफ खाताधारक मिनटों में ही UPI और ATM के जरिए पैसे निकाल सकेंगे। इसका सीधा फायदा करीब 8 करोड़ लोगों को मिलेगा। सिर्फ निकासी ही नहीं, बल्कि डिटेल अपडेट करना और क्लेम प्रोसेस भी अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।
पेंशनर्स को भी राहत
केवल कर्मचारियों ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स के लिए भी बड़ी राहत की तैयारी है। EPFO केंद्रीय बोर्ड न्यूनतम पेंशन को मौजूदा ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500 या ₹2,500 करने पर विचार कर रहा है। अगर यह फैसला होता है तो लाखों पेंशनर्स की जेब में हर महीने ज्यादा पैसा आएगा और त्योहार के मौसम में उनकी दिक्कतें कुछ कम होंगी।
कब होगा ऐलान?
इन सुधारों पर चर्चा के लिए EPFO के केंद्रीय बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ की बैठक 10 और 11 अक्टूबर 2025 को होगी। इस बैठक की अध्यक्षता श्रम और रोजगार मंत्री मन्शुख मंडाविया करेंगे। माना जा रहा है कि नवरात्रि के बाद और दिवाली से पहले सरकार इन बदलावों की घोषणा कर सकती है। इससे करीब 8 करोड़ EPFO सदस्यों को सीधा फायदा मिलेगा।
यूनियनों की चिंता
हालांकि, कुछ यूनियन इस बदलाव पर सवाल उठा रही हैं। उनका कहना है कि अगर पीएफ खाते से बैंक जैसी निकासी की सुविधा मिल गई, तो लोग आसानी से पैसे निकाल लेंगे और बचत का असली मकसद कमजोर हो जाएगा। उनका तर्क है कि पीएफ फंड केवल खास परिस्थितियों में ही इस्तेमाल होना चाहिए जैसे बीमारी, शिक्षा या घर खरीदने के लिए।
अभी की स्थिति
फिलहाल पीएफ से पैसा निकालने की प्रक्रिया NEFT या RTGS के जरिए होती है। इसमें 2–3 दिन लग जाते हैं। लेकिन EPFO 3.0 आने के बाद यह समय घटकर कुछ ही मिनटों में रह जाएगा। इसका मतलब है कि इमरजेंसी में कर्मचारियों को तुरंत राहत मिल सकेगी।
मिलेंगी ये सारी सुविधाएं
- EPFO 3.0 से अब पीएफ खातों में बैंक जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
- ATM और UPI से सीधे निकासी और लेन-देन संभव होगा।
- न्यूनतम पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।
- अक्टूबर की बैठक में इन बदलावों पर फैसला होगा।
- यूनियनों की चिंता है कि इससे बचत का मकसद कमजोर न पड़ जाए।
