बिजनेस

Tesla India: मुंबई में खुला टेस्ला का शोरूम, लॉन्च हुई Model Y कार, बेस मॉडल की इतनी है कीमत

Elon Musk Tesla First showroom in Mumbai BKC: भारत में एलन मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला की एंट्री हो गई है। कंपनी ने अपना पहला शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में खोला है। इसके अलावा कंपनी ने नई इलेक्ट्रिक कार Model Y को आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया है।

Image

टेस्ला ने अपना पहला ‘एक्सपीरियंस सेंटर’ मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित मेकर मैक्सिटी मॉल में खोला है। (फोटो सोर्स-AI Image)

Elon Musk Tesla First showroom in Mumbai BK: एलन मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला ने मंगलवार 15 जुलाई को भारत में आधिकारिक एंट्री कर ली है। कंपनी ने अपना पहला शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित मेकर मैक्सिटी मॉल में खोला है। इसके अलावा कंपनी ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV Model Y को भारत में लॉन्च किया है। भारत में टेस्ला Model Y की शुरुआती कीमत ₹60 लाख (करीब $70,000) रखी गई है।

वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी में उद्घाटन

शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक भी शामिल हुए। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पुलिस बल भी तैनात था।

उद्घाटन पर क्या बोले देवेंद्र फडणवीस

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "आज हम सभी के लिए बहुत ही हर्ष की बात है कि कई वर्षों से जिसका इंतजार हम कर रहे थे, वो टेस्ला कार आज टेस्ला ने मुंबई से लॉन्च की है। भारतीय बाजार में उन्होंने मुंबई से अपनी शुरूआत करने की घोषणा की है। अभी-अभी हमने उसका उद्घाटन भी किया है। टेस्ला मुंबई में एक्स्पीरियंस सेंटर के साथ-साथ डिलीवरी की व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था और सर्विसिंग की व्यवस्था ला रहा है... टेस्ला ने भी महाराष्ट्र और मुंबई को चुना मुझे इस बात की भी खुशी है क्योंकि आज इलेक्ट्रिक वाहन (EV) के क्षेत्र में महाराष्ट्र लीडर बन चुका है... मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में टेस्ला का पूरा इको-सिस्टम महाराष्ट्र में देखने को मिलेगा।"

शोरूम का लुक और पहली झलक

शोरूम में काले रंग में टेस्ला का लोगो सफेद दीवार पर उभरा नजर आया। कांच के पैनल के पीछे आंशिक रूप से ढकी हुई Model Y कार ने वहां मौजूद लोगों को आकर्षित किया। यह कार 15 मिनट की चार्जिंग में 600 km तक चल सकती है। टेस्ला पहले 4 चार्जिंग सेंटर ओपन करेगा फिर शहर में कुल 32 चार्जिंग सेंटर बनाये जाएंगे। टेस्ला फिलहाल भारत में Model Y के दो वेरिएंट उपलब्ध करा रही है- रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट की कीमत 60.1 लाख रुपये ($70,000) और लॉन्ग-रेंज वेरिएंट की कीमत 67.8 लाख रुपये ($79,000) है।

भारत में टेस्ला कारों की कीमत कितनी होगी?

यह कीमतें अमेरिका, चीन और जर्मनी जैसे बाजारों के मुकाबले काफी अधिक हैं। उदाहरण के लिए: अमेरिका में Model Y की कीमत 38.6 लाख रुपये ($44,990), चीन में कीमत की बात करें तो यहां इस मॉडल की कीमत 30.5 लाख रुपये ($36,700) और जर्मनी में कीमत 46 लाख रुपये ($53,700) है। भारत में इतनी ऊंची कीमतों का प्रमुख कारण भारी इंपोर्ट ड्यूटी है।

भारत में EV मार्केट की स्थिति

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार बाजार है, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की हिस्सेदारी अभी भी सीमित है। इसकी वजह चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी और इलेक्ट्रिक कारों की ऊंची कीमतें मानी जाती हैं। टेस्ला की एंट्री से EV मार्केट में हलचल बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

तीन स्टोर खोलेगी कंपनी

भारत में टेस्ला ने अपना पहला एक्सपीरियंस सेंटर मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में शुरू किया है। इसके बाद कंपनी दूसरा एक्सपीरियंस सेंटर नई दिल्ली में और तीसरा बेंगलुरु में खोलने की तैयारी कर रही है।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article