बिजनेस

Dollar Vs Rupee: रुपये की तेजी पर लगा ब्रेक, डॉलर के मुकाबले आज इतना हुआ कमजोर

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आज रुपये में गिरावट आई। रुपया मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। ईरान संकट का हल नहीं निकलता देख, निवेशकों के बीच अनिश्चितता बढ़ी है।

Image

डॉलर के मुकाबले रुपया

Dollar Vs Rupee: पिछले कई दिनों से रुपये में जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। पश्चिम एशिया में बनी नाजुक स्थिति और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशकों में सतर्कता बने रहने से गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे टूटकर 92.63 (अस्थायी) पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि संघर्ष विराम होने के बावजूद ईरान एवं इजराइल के बीच तनाव और लेबनान पर हमले जारी रहने से भू-राजनीतिक जोखिम ऊंचा बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.63 के भाव पर खुला। रुपये ने कारोबार के दौरान 92.92 के निचले स्तर और 92.53 के उच्च स्तर को भी छुआ। कारोबार के अंत में यह 92.63 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की कमजोरी दर्शाता है।

बुधवार को रुपये में बड़ा उछाल आया था

बुधवार को ईरान एवं अमेरिका के बीच संघर्ष विराम की घोषणा होने के बाद Rupee 52 पैसे मजबूत होकर 92.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि संघर्ष विराम के उल्लंघन की खबरें आने और इजराइली कार्रवाई जारी रहने से कच्चे तेल के दाम में तेजी आने और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से रुपये पर दबाव पड़ा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड तीन प्रतिशत से अधिक बढ़कर 97.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

इस कारण टूटा रुपया

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से रुपये पर दबाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपये की विनिमय दर निकट अवधि में 92.50 से 93.40 के दायरे में रह सकती है। घरेलू शेयर बाजार में भी गिरावट देखी गई। बीएसई सेंसेक्स 931.25 अंक टूटकर 76,631.65 अंक और एनएसई निफ्टी 222.25 अंक के नुकसान के साथ 23,775.10 अंक पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,811.97 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article