बिजनेस

Dollar Vs Rupee: रुपया धड़ाम! 1 डॉलर की कीमत 95 के पार पहुंची, जानें ताजा रेट

Dollar vs Rupee: आज भारतीय रुपये में एक बार फिर बड़ी गिरावट आई है। विदेशी बाजार में अमेरिकी डॉलर मजबूत होने और विदेशी निवेशकों की निकासी से रुपया कमजोर हुआ है।

Image

Dollar Vs Rupee

Dollar vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के सामने आज रुपये में बड़ी गिरावट आई है। बता दें कि बुधवार को भारतीय रुपया 67 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.23 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने, विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और एशियाई मुद्राओं में व्यापक कमजोरी के कारण डॉलर-रुपये की विनिमय दर पर दबाव देखा गया। इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के 95 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करने के बाद बाजार धारणा कमजोर हुई है।

मंगलवार को भी कमजोर हुआ था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.67 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.60 से 95.29 के दायरे में रहा। अंत में रुपया 95.23 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 67 पैसे कम है। रुपया मंगलवार को पांच पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.56 पर बंद हुआ था।

करेंसी एक्सपर्ट का क्या है कहना?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि रुपया लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ। प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और सौदे को पूरा करने के लिए की गई लिवाली के कारण रुपये पर दबाव बना। इसके अलावा, एशियाई मुद्राओं में व्यापक कमजोरी ने भी रुपये पर अतिरिक्त दबाव डाला। परमार ने कहा कि निकट अवधि में डॉलर-रुपये का हाजिर भाव 95.80 से 94.60 के दायरे में रह सकता है।

डॉलर इंडेक्स में मजबूती

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.42 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.31 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 443.97 अंक चढ़कर 76,922.64 अंक पर जबकि निफ्टी 140.10 अंक की बढ़त के साथ 24,005.85 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,556.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

End of Article