बिजनेस

Dollar Vs Rupee: कच्चे तेल में नरमी से रुपये में मजबूती जारी, अब 1 डॉलर की कीमत इतनी

कच्चे तेल में नरमी से रुपये और शेयर बाजार को सहारा मिला है। रुपये में आज लगातार दूसरे दिन मजबूती है।

Image

रुपया मजबूत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट से रुपये और भारतीय शेयर बाजार में मजबूती लौटी है। सोमवार के बाद आज लगातार दूसरे दिन रुपये से लेकर शेयर बाजार में तेजी है। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे की बढ़त के साथ 95.65 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट क्रूड के ऊंचे स्तरों से नीचे आने और तत्काल आपूर्ति की चिंताएं कम होने से रुपये की शुरुआत सकारात्मक रही। सऊदी अरब द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए निर्यात बढ़ाने और क्षतिग्रस्त 'ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन’ के आंशिक रूप से बहाल होने की उम्मीदों से बाजार को सहारा मिला।

सोमवार को रुपये में थी मजबूती

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 95.75 पर खुला और फिर 95.65 के स्तर तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 13 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया सोमवार को 18 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.78 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 100.35 पर था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.39 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार में भी तेजी

वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 42.51 अंक की बढ़त के साथ 74,901.50 पर खुला। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 39.75 अंक चढ़कर 23,454.05 पर पहुंच गया। सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, अदाणी पोर्ट्स, इटरनल, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति और एशियन पेंट्स लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 576.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article