अगर आप भी शेयर बाजार से कमाई करते हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है क्योंकि दिवाली से पहले और बाद में शेयर बाजार 2 दिन तक बंद रहने वाला है। ऐसे में बाजार की बंदी का असर आपकी कमाई पर पड़ेगा क्योंकि आपको कमाई के कम मौके मिलेंगे। दिवाली का त्यौहार सिर्फ घरों में नहीं, शेयर बाजार में भी खास तरीके से मनाया जाता है। इस साल निवेशकों के लिए ट्रेडिंग कैलेंडर में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
दिवाली के दिन यानी 20 अक्टूबर 2025 को शेयर बाजार खुले रहेंगे, जबकि 21 और 22 अक्टूबर को मार्केट बंद रहेगा। हालांकि, 21 अक्टूबर को ही निवेशकों के लिए सबसे शुभ समय यानी मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा।
कब होगी दिवाली की मुहूर्त ट्रेडिंग
एनएसई की वेबसाइट के मुताबिक, इस साल मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर में होगी, जो कि एक बड़ा बदलाव है। पहले यह ट्रेडिंग सेशन शाम के वक्त होती थी। इस बार प्री-ओपन सेशन 1:30 बजे से 1:45 बजे तक रहेगा, जबकि मुख्य ट्रेडिंग विंडो 1:45 बजे से 2:45 बजे तक खुलेगी। इसके बाद बाजार समापन सत्र 3:05 बजे तक चलेगा।
हर साल की तरह इस बार भी दिवाली पर होने वाली मुहूर्त ट्रेडिंग को शुभ और समृद्धि का प्रतीक माना जा रहा है। परंपरा के अनुसार, इस एक घंटे के दौरान शेयरों में निवेश को अच्छा और लॉन्ग टर्म में फायदेमंद माना जाता है। इस समय निवेशक नए पोर्टफोलियो की शुरुआत करते हैं या पुराने निवेशों में शुभ एंट्री लेते हैं।
क्या है मार्केट का हाल
बाजार की मौजूदा स्थिति की बात करें तो बीते कुछ दिनों से सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी बनी हुई है। निफ्टी50 ने 25,700 के स्तर को पार कर लिया है, जबकि बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। ऐसे में निवेशकों की नजर अब मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन पर टिकी है, जो इस दिवाली भी बाजार को रोशन करने वाला है।
