नई दिल्ली। चीन और दुनिया के कुछ देशों में कोरोना का विस्फोट देखा जा रहा है। इन देशों में कोरोना का जो नया वैरिएंट (New Corona Variant), BF.7 फैल रहा है, उसके मामले भारत में भी पाए गए हैं। इससे भारत के लोगों की भी चिंता बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। केंद्र सरकार और कुछ राज्य सरकारों ने इस संबंध में बैठक भी की है। हालांकि फिलहाल देश में स्थिति काफी नियंत्रित है, इसलिए आपको ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है।
हर बात का रखें ध्यान
भारत में कोरोना की पहली लहर और दूसरी लहर के दौरान काफी भगदड़ मची थी। लोग शारीरिक रूप से तो परेशान थे ही, साथ ही उन्हें इलाज के खर्च की वजह से आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ा। ऐसे में आपको अभी से सारे जरूरी कदम उठा लेने चाहिए ताकि बाद में कोई परेशानी ना हो। आपको अभी से यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि अगर आप कोरोना संक्रमित होते हैं, तो यह आपको कितना महंगा पड़ेगा।
अभी करवा लें इंश्योरेंस
वैसे तो देश में ज्यादातर लोगों के पास हेल्थ इंश्योरेंस (Health Insurance) है, लेकिन अगर आपने अभी तक हेल्थ इंश्योरेंस नहीं ली है, तो जल्दी कर लें वरना बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। इसलिए जल्द से जल्द अपने और अपने पूरे परिवार के लिए बीमा कवर ले लें। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आपको इमरजेंसी की स्थिति में अपनी जेब से पैसे नहीं निकालने पड़ेंगे। अपनी समझदारी और जरूरतों के अनुसार सही पॉलिसी का चयन करें। हालांकि हेल्थ इंश्योरेंस प्लान लेने में आपको सावधानी भी बरतनी चाहिए। इससे आपके अस्पताल के खर्च की चिंता काफी हद तक कम हो जाएगी।
बीमा कवर बढ़ाएं
अगर आपके पास पहले ही हेल्थ इंश्योरेंस है तो चेक कर लें कि इमरजेंसी की स्थिति में आप कितना क्लेम कर सकते हैं। अच्छे से आकलन कर लें कि आप इमरजेंसी की स्थिति में कितना खर्च खुद कर सकते हैं और आपको कितने के बीमा कवर की जरूरत है। अगर आपका बीमा कवर कम है, तो उसे बढ़वा लें। इसके लिए कंपनी की सभी शर्तें अच्छे से पढ़ लें।
