Coal India पर टूट पड़े निवेशक, रॉकेट बना शेयर, एक दिन में 6% भागा
- Authored by: यतींद्र लवानिया
- Updated Jan 2, 2026, 01:24 PM IST
Coal India के शेयरों पर 2 जनवरी, 2026 को निवेशकों ने जबरदस्त खरीदारी की है। दिन के कारोबार में शेयर करीब 6 फीसदी चढ़कर ₹424.95 रुपये तक पहुंच गया। इसके साथ ही इंट्रा डे हाई ही इसका 52-वीक हाई बन गया है। मजबूत टेक्निकल्स, हाई डिविडेंड यील्ड और पॉजिटिव मार्केट सेंटिमेंट ने PSU दिग्गज को एक बार फिर रडार पर ला दिया है।
कोल इंडिया (इमेज क्रेडिट, कैन्वा)
Coal India Share Price: सरकारी कंपनी कोल इंडिया अचानक निवेशकों के रडार पर है। शुक्रवार को दोपहर बाद शेयर सभी मूविंग एवरेज के ऊपर ट्रेड करता दिखा। कारोबार की शुरुआत में शेयर करीब 3 फीसदी उछाल के साथ 401.35 रुपये पर ओपन हुआ। इसके बाद लगातार खरीदारी के चलते शेयर 6 फीसदी तक तेजी के साथ 52 वीक हाई ₹424.95 तक चला गया। स्टॉक फिलहाल 5-डे, 20-डे, 50-डे, 100-डे और 200-डे जैसे सभी अहम मूविंग एवरेज के ऊपर ट्रेड करता नजर आ रहा है। यह शॉर्ट टर्म से लेकर लॉन्ग टर्म तक पॉजिटिव ट्रेंड का संकेत देता है।
क्यों आ रही तेजी?
पिछले दिनों PMO की तरफ से कोल इंडिया को निर्देश दिया गया है कि यह अपनी सभी सहायक कंपनियों को बाजार में लिस्ट करे। कोल इंडिया कुल 8 सहायक कंपनियों के साथ कारोबार करती है। इनमें ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड शामिल हैं।
BCCL IPO की तैयारी
कोल इंडिया लिमिटेड अपनी प्रमुख सहायक कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) का आईपीओ 2026 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह संभवत ₹1,300 करोड़ के आसपास का ऑफर होगा, जिसमें कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी बेच सकती है। इससे आईपीओ से मिलने वाली पूरी राशि कोल इंडिया को जाएगी (OFS के रूप में) और यह PSU की वैल्यू को बाजार में अनलॉक करने का कदम माना जा रहा है।
हाई डिविडेंड ने बढ़ाया आकर्षण
Coal India की सबसे बड़ी ताकत इसका मजबूत डिविडेंड प्रोफाइल है। शेयर का डिविडेंड यील्ड करीब 6.64% है, जो इनकम-फोकस्ड निवेशकों के लिए इसे खास बनाता है। इसी मजबूत कैश फ्लो और स्थिरता को देखते हुए MarketsMOJO ने हाल ही में Coal India की रेटिंग ‘Sell’ से बढ़ाकर ‘Hold’ कर दी है।
लॉन्ग टर्म में मिली-जुली तस्वीर
लॉन्ग टर्म परफॉर्मेंस देखें तो Coal India ने सेंसेक्स को पछाड़ा है। पिछले तीन साल में शेयर ने 83.47% और पांच साल में 204.84% का रिटर्न दिया है। हालांकि एक साल का रिटर्न 4.96% रहा, जो सेंसेक्स के 7.01% से कम है।
एनर्जी ट्रांजिशन चुनौती
दुनिया की सबसे बड़ी कोल प्रोड्यूसर्स में शामिल Coal India को एक तरफ मजबूत घरेलू मांग और सरकारी समर्थन का फायदा मिल रहा है, तो दूसरी तरफ ग्लोबल एनर्जी ट्रांजिशन और पर्यावरणीय दबाव इसकी बड़ी चुनौती बने हुए हैं। यही वजह है कि स्टॉक में उत्साह के साथ-साथ सतर्कता भी बनी हुई है। बहरहाल, 2 जनवरी 2026 का ट्रेडिंग सेशन साफ बताता है कि Coal India फिलहाल मजबूत मोमेंटम में है। हाई डिविडेंड, मजबूत टेक्निकल्स और PSU स्टेबिलिटी ने शेयर को दोबारा निवेशकों के रडार पर ला दिया है। हालांकि लॉन्ग टर्म निवेश से पहले एनर्जी ट्रांजिशन से जुड़े जोखिमों को नजरअंदाज करना ठीक नहीं होगा।
डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।