बिजनेस

नौकरी छूटने के बाद Car Loan की EMI चुकाने में हो रही है दिक्कत? जानिए कर्ज के बोझ से कैसे मिलेगी आजादी

अगर किसी व्यक्ति की नौकरी चली जाती है तो घर के जरूरी खर्चों को लेकर चिंता बढ़ जाती है। इतना ही नहीं, अगर पहले से कोई लोन भी चल रहा हो तो ईएमआई चुकाने में भी परेशानी आने लगती है।

Image

कर्ज के बोझ से कैसे मिलेगी आजादी (Photo: iStock)

Car Loan EMI Guide: नौकरी चले जाने का असर केवल सैलरी बंद हो जाने तक सीमित नहीं रहता। हर महीने के जरूरी खर्चों के साथ अगर Car Loan की EMI भी चल रही हो तो आर्थिक दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे समय में सबसे जरूरी है आप अपनी आर्थिक स्थिति का सही आकलन करें और समय रहते बैंक या लोन कंपनी से बात करें। अगर नौकरी चले जाने के बाद कार लोन की ईएमआई चुकाने में दिक्कत आ रही है तो कुछ खास बातों का ध्यान रख कर्ज के बोझ से आजादी मिल सकती है-

बचत और जरूरी खर्चों का लगाएं हिसाब

सबसे पहले अपनी बचत और जरूरी खर्चों का हिसाब लगाएं। देखें कि आपके पास कितनी सेविंग है, आखिरी सैलरी या नौकरी से मिलने वाली कोई रकम कब तक मिल सकती है और हर महीने घर चलाने के लिए कितने पैसे जरूरी हैं। इसके बाद Car Loan की EMI को इसमें शामिल करके देखें कि आपकी बचत कितने समय तक चल सकती है। नौकरी जाने के बाद पूरी बचत सिर्फ EMI चुकाने में लगा देना सही नहीं हो सकता, क्योंकि किराया, राशन, मेडिकल खर्च और नौकरी तलाशने से जुड़े खर्चों के लिए भी पैसा बचाना जरूरी है।

Emergency Fund का करें इस्तेमाल

ऐसे समय में Emergency Fund आपके काम आ सकता है। आमतौर पर इसका इस्तेमाल आय रुकने जैसी स्थिति में ही किया जाता है, इसलिए जरूरत पड़ने पर इसका कुछ हिस्सा EMI भरने में इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि पूरी सेविंग कार की EMI में खत्म न हो जाए।

EMI मिस होने का न करें इंतजार

सबसे जरूरी बात यह कि आप EMI मिस होने का इंतजार न करें। बैंक या फाइनेंस कंपनी से पहले ही संपर्क करें और अपनी स्थिति बताएं। लेंडर से पूछें कि अस्थायी आर्थिक परेशानी की स्थिति में क्या विकल्प उपलब्ध हैं। कुछ मामलों में Loan Tenure बढ़ाने या Repayment को रिस्ट्रक्चर करने का विकल्प मिल सकता है। Tenure बढ़ने से हर महीने की EMI कम हो सकती है और कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। हालांकि, लोन की अवधि बढ़ने पर कुल ब्याज ज्यादा चुकाना पड़ सकता है।

इंश्योरेंस सुविधा को करें चेक

इसके अलावा, अपने Car Loan के डॉक्यूमेंट्स भी ध्यान से देखें। कुछ लोन के साथ Loan Protection या Credit Protection जैसी इंश्योरेंस सुविधा हो सकती है। हालांकि, Job Loss Cover हर लोन में अपने आप शामिल नहीं होता। अगर आपके लोन के साथ ऐसी सुविधा है तो उसकी शर्तें, Waiting Period, Exclusions और कितनी EMI कवर होंगी, यह जरूर जांचें।

नया कर्ज लेने की गलती न करें

नौकरी तलाशने के दौरान पुराने Car Loan की EMI चुकाने के लिए नया महंगा कर्ज लेना भी परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर Credit Card से पैसा उधार लेने या Personal Loan लेने से पहले उसकी ब्याज लागत और नई EMI को ध्यान से समझें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article