आज के दौर में चाय की टपरी से लेकर बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल्स तक, हम हर जगह बेझिझक अपनी UPI ID या QR कोड शेयर करते हैं। लेकिन इसी के साथ कई लोगों के मन में यह गहरा डर भी बैठा रहता है कि क्या कोई सिर्फ हमारी UPI ID (जैसे VPA - Virtual Payment Address) का पता लगाकर हमारे बैंक खाते से सारा पैसा उड़ा सकता है? इस डर की वजह से कई लोग किसी अनजान व्यक्ति को अपनी यूपीआई आईडी देने से भी कतराते हैं। हालांकि, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के मुताबिक, सिर्फ आपकी UPI ID जानने मात्र से कोई भी व्यक्ति आपके खाते से पैसे नहीं निकाल सकता।
क्या UPI से कोई भी निकाल सकता है पैसा?
यूपीआई सिस्टम को सुरक्षा की कई परतों (Multi-layer Security) के साथ डिजाइन किया गया है। आपकी UPI ID बिल्कुल आपके बैंक अकाउंट नंबर या ईमेल एड्रेस की तरह होती है, जिसका इस्तेमाल आपके खाते में पैसे मंगाने (Receive) के लिए किया जाता है। किसी के पास आपकी आईडी होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उसे आपके खाते का एक्सेस मिल गया है। खाते से पैसे कटने (Debit) के लिए दो सबसे महत्वपूर्ण चीजों की जरूरत होती है आपका गुप्त UPI PIN और आपका रजिस्टर्ड मोबाइल फोन (जिसमें बैंक से जुड़ा सिम कार्ड एक्टिव हो)। जब तक आप खुद अपने फोन से 4 या 6 अंकों का UPI PIN दर्ज नहीं करते, तब तक आपके खाते से एक रुपया भी ट्रांसफर नहीं हो सकता।
कैसे होता है स्कैम?
हालांकि, जालसाज (Scammers) सिर्फ UPI ID का इस्तेमाल करके आपको धोखा देने की कोशिश जरूर कर सकते हैं। इसके लिए वे अक्सर 'Collect Request' (पैसे मांगने की रिक्वेस्ट) भेजते हैं या धोखाधड़ी वाले लिंक्स भेजकर दावा करते हैं कि लिंक पर क्लिक करके पिन डालने से आपके खाते में पैसे आएंगे। आपको हमेशा यह बात याद रखनी चाहिए कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। यदि आप अनजान कॉल्स, फर्जी लॉटरी लिंक्स और पिन शेयर करने जैसी गलतियों से बचते हैं, तो आपकी UPI ID पूरी तरह सुरक्षित है और सिर्फ इसके सार्वजनिक होने से आपका बैंक अकाउंट खाली नहीं हो सकता।
