बिजनेस

FD पर बंपर ब्याज! Small Finance Banks ने SBI, HDFC और ICICI बैंक को पीछे छोड़ा

गारंटीड रिटर्न पाने वाले निवेशकों के लिए एफडी बेस्ट है। अगर आप एफडी कराने की सोच रहे हैं तो सबसे पहले ब्याज दर की तुलना जरूर करें।

Image

एफडी पर ब्याज दरें

SIP के जरिये म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले निवेशक निराश है। पिछले दो साल में म्यूचुअल फंड से मामूली रिटर्न मिला है। कई म्यूचुअल फंड ने तो निगेटिव रिटर्न भी दिया है। इसके चलते एक बार फिर से निवेशक फिक्स्ड रिटर्न वाले निवेश माध्यम की ओर लौट रहे हैं। इसके चलते बैंक एफडी के प्रति आकर्षण बढ़ा है। ऐसे में अगर आप भी निवेश करने की सोच रहे हैं तो बैंकों के मुकाबले स्मॉल फाइनेंस बैंक एक बेहतर विकल्प हो सकता है। स्मॉल फाइनेंस बैंक, बड़े बैंकों के मुकाबले फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर काफी ज्यादा रिटर्न दे रहे हैं।

उदाहरण के लिए, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक और यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक सीनियर सिटिजन के लिए कुछ खास समय-सीमा (tenure) पर 8.5% तक की ब्याज दरें दे रहे हैं। इसके उलट, SBI, HDFC बैंक और ICICI बैंक काफी कम रेट दे रहे हैं। किसी भी स्मॉल फाइनेंस बैंक में 5 लाख रुपये तक निवेश कर आप डीआईसीजीसी (DICGC) इंश्योरेंस कवर का लाभ ले सकते हैं। यानी अगर बैंक के साथ कुछ होता भी है तो आपका पैसा सुरक्षित रहेगा।

बैंकों की FD पर अधिकतम ब्याज दर

बैंकबैंक की श्रेणीनियमित ग्राहकवरिष्ठ नागरिक
Suryoday Small Finance Bankस्मॉल फाइनेंस बैंक8.25%8.50%
Unity Small Finance Bankस्मॉल फाइनेंस बैंक8.00%8.50%
ICICI Bankप्राइवेट बैंक7.10%7.60%
HDFC Bankप्राइवेट बैंक7.10%7.60%
SBIसरकारी बैंक6.45%7.05%

बड़े बैंक दे रहे हैं कम ब्याज

स्मॉल फाइनेंस बैंकों के मुकाबले अगर देश के बड़े बैंकों की तुलना करें तो इनमें एफडी पर काफी कम ब्याज मिल रहा है। SBI में कॉमन FD पर ब्याज दर 6.45% है, जबकि HDFC बैंक और ICICI बैंक में ब्याज दर 7.10% हैं। सीनियर सिटिजन के लिए दरें क्रमशः 7.05%, 7.60% और 7.60% हैं।

इन बातों का रखें ख्याल

जानकारों का कहना है कि स्मॉल फाइनेंस बैंक जो ज्यादा ब्याज दरें देते हैं, वे आम तौर पर सभी समय-सीमाओं (टेन्योर) के लिए नहीं, बल्कि कुछ खास मैच्योरिटी अवधि के लिए होती हैं। सूर्योदय बैंक की रेगुलर ब्याज दर एक खास अवधि के लिए है, जबकि यूनिटी बैंक 501 दिन की जमा राशि पर 8% की दर देता है।

कुछ समझौते भी करने पड़ते हैं

स्मॉल फाइनेंस बैंक ज्यादा FD रेट देते हैं, जिससे वे ज्यादा रिटर्न चाहने वाले जमाकर्ताओं के लिए आकर्षक बन सकते हैं, लेकिन निवेशकों को सिर्फ रेट की तुलना नहीं करनी चाहिए। अवधि, समय से पहले पैसे निकालने के नियम, डिपॉजिट इंश्योरेंस कवरेज और संस्थान की वित्तीय स्थिति जैसी बातें भी महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, जो निवेशक FD पर ज़्यादा से ज़्यादा रिटर्न चाहते हैं, उनके लिए अभी स्मॉल फाइनेंस बैंक बेहतर विकल्प हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article