बिजनेस

बजट 2026 से उम्मीदें: क्या बढ़ेगी इनकम टैक्स छूट सीमा, गिग वर्कर्स के लिए आएगी नई स्कीम?

Budget 2026 Expectations: आम बजट 2026-27 आने में अब दो हफ्तों से भी कम समय बचा है। विशेषज्ञ और आम लोग अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। क्या इस बार सरकार का फोकस नई टैक्स रिजीम पर होगा? हाउस रेंट अलाउंस (HRA), बीमा और होम लोन की छूट नई टैक्स रिजीम में शामिल करने से अधिक लोग इनकम टैक्स रिटर्न भरने के लिए प्रेरित होंगे।

Image

आम बजट 2026-27: लोगों की उम्मीदें (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Budget 2026 Expectations : आम बजट 2026-27 आने में अब सिर्फ दो हफ्तों से भी कम का समय बचा है। इस बजट को लेकर अलग-अलग सेक्टर के एक्सपर्ट और आम लोग अपनी राय दे रहे हैं। हर कोई चाहता है कि इस बार का बजट उनके लिए राहत और सुविधाओं से भरा हो। एक्सपर्ट्स की माने तो इस बार सरकार का ध्यान पुरानी टैक्स रिजीम की तुलना में नई टैक्स रिजीम पर ज्यादा रहने की उम्मीद है।

नई टैक्स रिजीम में बदलाव की उम्मीद

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक अर्थशास्त्री अवनीश तिवारी ने कहा कि नई टैक्स रिजीम में एचआरए (हाउस रेंट अलाउंस), बीमा प्रीमियम और होम लोन की छूट को शामिल करने पर विचार हो सकता है। इसका फायदा यह होगा कि बड़ी संख्या में लोग जो अभी तक टैक्स नहीं भरते, वे इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने के लिए प्रेरित होंगे। इससे सरकार को अधिक करदाता मिलेंगे और आम लोगों को भी लाभ मिलेगा।

नौकरीपेशा लोगों की मांग

नौकरीपेशा लोगों की इनकम टैक्स में राहत की उम्मीदें इस बार और ज्यादा हैं। साथ ही, पेट्रोल और डीजल पर टैक्स कम करने की भी मांग जोर पकड़ रही है। निजी क्षेत्र में काम करने वाले जिग्नेश कोरावाला ने सुझाव दिया कि नई टैक्स रिजीम में इनकम टैक्स छूट की सीमा 12 लाख रुपए से बढ़ाकर 15 लाख रुपए कर दी जाए। इससे आम आदमी को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में लाना चाहिए, ताकि ईंधन की कीमतें कम हों।

HRA और नौकरी सुरक्षा

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक योगेश मिश्रा ने कहा कि नई बजट में हाउस रेंट अलाउंस (HRA) की सीमा बढ़ाई जानी चाहिए। इसके अलावा, जॉब सिक्योरिटी इंश्योरेंस भी लाया जाना चाहिए। यह योजना उन लोगों के लिए मददगार होगी, जिनकी नौकरी अचानक चली जाए। सरकार उन्हें इस योजना के तहत कुछ राशि उपलब्ध कराए, जिससे उनकी आर्थिक परेशानी कम हो।

गिग वर्कर्स के लिए स्वास्थ्य सुविधा

गिग वर्कर्स यानी जो लोग फ्रीलांस या अस्थायी काम करते हैं, उनके लिए भी स्वास्थ्य बीमा योजना की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार उन्हें कम कीमत में हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराए। इससे वे आसानी से इलाज करवा सकेंगे और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

आम आदमी के जीवन को आसान बनाना

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक विशाल पटेल ने सुझाव दिया कि इस बजट में सरकार का फोकस उन क्षेत्रों पर होना चाहिए, जिससे आम आदमी का जीवन आसान और किफायती बने। इसमें रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में राहत, टैक्स में कमी और आवश्यक सेवाओं को सरल बनाने पर ध्यान देना होगा। इससे न केवल आम आदमी को लाभ मिलेगा, बल्कि देश की आर्थिक वृद्धि में भी मदद होगी।

इस बार के आम बजट में नई टैक्स रिजीम पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। नौकरीपेशा लोगों को राहत देने के लिए इनकम टैक्स छूट बढ़ाई जा सकती है, पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम किया जा सकता है और एचआरए जैसी सुविधाओं को नई टैक्स रिजीम में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, गिग वर्कर्स के लिए स्वास्थ्य बीमा और नौकरी सुरक्षा योजना जैसे कदम आम लोगों के जीवन को आसान बनाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बजट में इन सुझावों पर ध्यान दिया गया, तो आम आदमी की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और देश में टैक्स रिटर्न भरने वालों की संख्या भी बढ़ेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article