बिजनेस

मुसीबत में बिल गेट्स की बेटी! क्या है ‘Cookie Stuffing’ स्कैम; क्यों हो सकती है 20 साल की सजा?

दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल बिल गेट्स की बेटी फीबी गेट्स के स्टार्टअप ने बड़ा घपला किया है। अमेरिकी कानून के जानकारों का मानना है अगर कार्रवाई हुई, तो 20 साल तक की सजा संभव है।

Image

स्टार्टअप ने की बड़ी गड़बड़ी

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की बेटी फीबी गेट्स अपने स्टार्टअप फिया को लेकर मुश्किल में हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, फिया ने “Enable Coupon Auto Drop” के जरिये कुकी स्टफिंग कर नाजायज कमीशन कमाया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस तरीके से फिया ने लाखों डॉलर की कमाई की है।

आखिर फिया ने क्या किया?

फिया को फीबी गेट्स ने स्टैनफोर्ड की अपनी साथी सोफिया कियानी के साथ शुरू किया था। यह एक शॉपिंग स्टार्टअप है, जो ऑनलाइन खरीदारी के दौरान डिस्काउंट और कूपन कोड खोजने में मदद करता है। कंपनी की कमाई का एक बड़ा जरिया एफिलिएट कमीशन है। यानी जब किसी प्लेटफॉर्म के लिंक या कूपन से ग्राहक किसी रिटेलर की वेबसाइट पर जाकर खरीदारी करता है, तो बिक्री का कुछ हिस्सा कमीशन के रूप में मिलता है। फिया के टूल ने बहुत से ग्राहकों की खरीदारी के दौरान अपना रेफरल डाल दिया। जबकि, ग्राहक किसी दूसरे स्रोत से रिटेलर तक पहुंचा़, ऐसे में बिक्री का कमीशन फिया को मिल गया।

क्या है कुकी स्टफिंग?

जब आप किसी के रेफरेंस के जरिये कोई शॉपिंग करते हैं, तो उस एफिलिएट को कमीशन मिलता है। लेकिन अगर बीच में कोई दूसरा प्लेटफॉर्म आपके ब्राउजर में अपनी ट्रैकिंग कुकी डाल दे और रिटेलर के सिस्टम को यह धोखा दे कि ग्राहक वह लेकर आया है, तो कमीशन को बीच में ही लेकर चला जाता है। इसी तरह की प्रैक्टिस को कुकी स्टफिंग कहा जाता है।

इंटर्नल मैसेजों ने बढ़ाई मुश्किल

जुलाई में फिया ने इस मामले को तकनीकी गड़बड़ी बताया था। लेकिन, ब्लूमबर्ग की नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंटर्नल बातचीत में फीबी और सोफिया के संदेशों से यह साफ पता चलता है कि यह कोई तकनीकी गड़बड़ी नहीं, बल्कि डिजाइन किया गया फीचर था। क्योंकि, फीबी ने कम कमीशन को लेकर चिंता जताते हुए सभी कूपन वाली वेबसाइटों पर ऑटोमैटिक कुकी ड्रॉप एक्टिव करने की बात की थी। वहीं, सोफिया कियानी ने ग्राहकों की तरफ से पॉप-अप बंद करने के बाद कुकी डालने की संभावना पर चर्चा की थी।

फीचर बंद हुआ तो गिर गई कमाई

रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में संबंधित फीचर्स बंद करने के बाद फिया की औसत दैनिक आय करीब 80,000 डॉलर से घटकर 10,000 से 28,000 डॉलर रह गई। जून में कुकी स्टफिंग से जुड़ी बिक्री फिया द्वारा अपने नाम किए गए कुल मर्चेंडाइज मूल्य का करीब 51% थी।

फिया ने क्या सफाई दी?

फिया के मुताबिक, गलत तरीके से बिक्री का श्रेय देने वाले फीचर्स को 7 जुलाई को हटा दिया गया था। कंपनी हर लेनदेन की समीक्षा कर रही है। गलत तरीके से कमाए गए कमीशन को रिटेलर्स को लौटा दिया जाएगा।

20 साल की सजा की चर्चा क्यों?

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू 20 साल की सजा की चर्चा है। अमेरिका में वायर फ्रॉड एक संघीय अपराध है और कुछ परिस्थितियों में इसकी अधिकतम सजा 20 साल तक हो सकती है। कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर किसी मामले में यह साबित हो कि ऐसा सिस्टम जानबूझकर धोखाधड़ी के इरादे से इस्तेमाल किया गया और उस पर वायर फ्रॉड के आरोप लगाए गए, तो यह अधिकतम सजा लागू हो सकती है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article