अगर आप कैश निकालने के लिए ATM का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए है। अगले महीने की पहली तारीख यानी 1 अप्रैल से ATM से पैसे निकालना महंगा होने जा रहा है। HDFC बैंक, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और बंधन बैंक समेत कई बैंकों ने ATM से कैश निकालने की पॉलिसी, फीस और नियम में बदलाव का ऐलान किया है।बैंकों इन अपडेट्स के साथ, ग्राहकों को बदली हुई लिमिट्स, संभावित ट्रांज़ैक्शन चार्जेस और इस्तेमाल के नए नियमों पर ध्यान देना चाहिए।
अब फ्री लिमिट में गिना जाएगा UPI ट्रांजैक्शन
HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को बताया है कि 1 अप्रैल से ATM पर UPI-आधारित कैश निकासी को महीने की फ्री लिमिट में शामिल किया जाएगा। पहले इन्हें अलग से गिना जाता था, लेकिन अब ये हर महीने मिलने वाले फ्री लिमिट ATM ट्रांज़ैक्शन की संख्या में गिने जाएंगे।
बैंक ने कहा कि जो ग्राहक फ्री लिमिट से ज्याद ट्रांजैक्शन करेंगे, उनसे हर निकासी पर ₹23 का चार्ज लिया जाएगा। इस रकम में लागू टैक्स शामिल नहीं हैं। इस बदलाव का मतलब है कि ज्यादा चार्ज से बचने के लिए यूजर्स को अपने रेगुलर और UPI ATM निकासी, दोनों पर एक साथ नजर रखनी होगी।
HDFC Bank के ग्राहकों के लिए, ATM से फ्री कैश निकालने की मौजूदा लिमिट्स जगह के हिसाब से अलग-अलग हैं। ज्यादातर खाताधारकों को HDFC Bank के ATM पर हर महीने 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन मिलते हैं। दूसरे बैंकों के ATM पर, उन्हें मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो जगहों पर हर महीने 5 मुफ़्त निकासी मिलती हैं।
पीएनबी खाताधारक जान लें बदलाव
इसके अलावा, Punjab National Bank ने 1 अप्रैल से कुछ खास डेबिट कार्ड्स के लिए ATM से कैश निकालने की लिमिट्स में बदलाव का ऐलान किया है। बैंक ने कहा कि कुछ खास कैटेगरीज के लिए रोजाना की लिमिट्स में बदलाव किया जाएगा। इसके साथ, ग्राहक अपने कार्ड के प्रकार के आधार पर, पहले की ज्यादा लिमिट्स के बजाय अब रोजाना ₹50,000 या ₹75,000 तक कैश निकाल पाएंगे। उदाहरण के लिए, RuPay NCMC Platinum Domestic Debit Card की लिमिट ₹1,00,000 से घटाकर ₹50,000 कर दी गई है। इसी तरह के बदलाव RuPay NCMC Platinum International और RuPay Women Power Platinum डेबिट कार्ड्स, साथ ही दूसरे कार्ड्स पर भी लागू होंगे।
बंधन बैंक ATM नियम
बंधन बैंक 1 अप्रैल, 2026 से डेबिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की संख्या में बदलाव करेगा। नए नियमों के तहत, ग्राहक हर महीने बंधन बैंक के ATM पर 5 तक मुफ्त फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और अनलिमिटेड नॉन-फ़ाइनेंशियल ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। हालांकि, दूसरे बैंकों के ATM पर ट्रांज़ैक्शन के लिए, मुफ़्त इस्तेमाल की सीमा मेट्रो शहरों में हर महीने तीन ट्रांजैक्शन और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 ट्रांज़ैक्शन तक सीमित होगी। इस सीमा में फ़ाइनेंशियल और नॉन-फ़ाइनेंशियल, दोनों तरह के ट्रांज़ैक्शन शामिल होंगे। कार्ड के प्रकार के आधार पर, बंधन बैंक अपने ATM पर अनलिमिटेड मुफ़्त ट्रांजैक्शन की सुविधा देना जारी रखेगा। हालांकि, दूसरे बैंकों के ATM पर मुफ़्त ट्रांजैक्शन की सुविधा, डेबिट कार्ड से जुड़े खाते के प्रकार पर निर्भर करेगी।
मुफ़्त ट्रांजैक्शन की सीमा पार हो जाने पर, ग्राहकों से हर फ़ाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के लिए 23 रुपये और हर नॉन-फ़ाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के लिए 10 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा, खाते में पर्याप्त पैसे न होने के कारण ATM ट्रांज़ैक्शन रद्द होने पर 25 रुपये का शुल्क लगाया जाएगा। मेट्रो शहरों में बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और नई दिल्ली शामिल हैं। इन 6 शहरों के अलावा किसी भी अन्य शहर को नॉन-मेट्रो शहर माना जाएगा।
