Share Market Today, 20 Dec 2021: बाजार पर ओमिक्रोन का साया, निवेशकों की बढ़ी चिंता, सेंसेक्स 56 हजार के नीचे बंद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 20, 2021, 04:10 PM IST

Share Market News Today (आज का शेयर बाजार), 20 December 2021: कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों से आज निवेशकों को नुकसान हुआ है।

Share Market Today, 20 Dec 2021: बाजार पर ओमिक्रोन का साया, निवेशकों की बढ़ी चिंता, सेंसेक्स 56 हजार के नीचे बंद

Share Market News Today, 20 Dec 2021: आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी गई। शेयर बाजार पर ओमिक्रोन (Omicron) और एफपीआई (FPI) की निकासी का दबाव बना रहा। सेंसेक्स 56,000 और निफ्टी 17,000 के नीचे बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1189.73 अंक यानी 2.09 फीसदी गिरकर 55,822.01 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 371.00 अंक (2.18 फीसदी) गिरकर 16,614.20 पर बंद हुआ। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के चलते निवेशकों को नुकसान हुआ।

सभी सेक्टर्स में गिरावट
कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच ओमिक्रोन ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, बैंक, ऑटो, फाइनेंस सर्विस, एफएमसीजी, मीडिया, मेटल, फार्मा, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शामिल हैं।

दोपहर 12.42 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1634.03 अंक यानी 2.87 फीसदी गिरकर 55377.71 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 503.20 अंक (2.96 फीसदी) गिरकर 16482 पर कारोबार कर रहा था। 

दिग्गज कंपनियों के शेयरों में गिरावट
इस दौरान सेंसेक्स पर सिर्फ हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर हरे निशान पर थे। लेकिन बाद में ये भी लाल निशान पर पहुंच गए। इसके अतिरिक्त डॉक्टर रेड्डी, विप्रो, नेस्ले इंडिया, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, टीसीएस, सन फार्मा, इंफोसिस, एचसीएल टेक, मारुति, टाइटन, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, आईटीसी, कोटक बैंक, एम एंड एम, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, रिलायंस, एचडीएफसी, एल एंड टी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, एसबीआई, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर लाल निशान पर हैं।

वहीं शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,000 अंक से अधिक गिरा था। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,028.61 अंक या 1.80 फीसदी की गिरावट के साथ 55,983.13 पर था। निफ्टी 307.50 अंक या 1.81 फीसदी की गिरावट के साथ 16,677.70 पर था। पिछले सत्र की बात करें, तो तब सेंसेक्स 889.40 अंक (1.54 फीसदी) की गिरावट के साथ 57,011.74 पर बंद हुआ था। निफ्टी 263.20 अंक (1.53 फीसदी) की गिरावट के साथ 16,985.20 पर बंद हुआ था।

End of Article