International flights: जर्मनी-भारत के बीच 13 अगस्त से यात्री विमान सेवा शुरू करेगी लुफ्थांसा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 11, 2020, 11:06 AM IST

International flights: वैसे तो अंतरराष्ट्रीय उड़ान कब शुरू होंगी यह अभी कह नहीं सकते लेकिन द्विपक्षीय समझौते के तहत दो देशों के बीच उड़ानें शुरू हो रही हैं।

International flights: जर्मनी-भारत के बीच 13 अगस्त से यात्री विमान सेवा शुरू करेगी लुफ्थांसा
Photo Credit: BCCL

International flights : कोरोना वायरस के मामले दुनिया भर में लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने को लेकर सस्पेंस बरकरार है। लेकिन द्विपक्षीय समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा बहाल की जा रही हैं। इस कड़ी में जर्मनी की एयरलाइन कंपनी लुफ्थांसा विमान सेवा शुरू करेगी। लुफ्थांसा 13 अगस्त से फ्रैंकफर्ट से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू की उड़ान सेवा शुरू करेगी। इसके लिए दोनों सरकारों के बीच द्विपक्षीय समझौता हुआ है। 

लुफ्थांसा म्यूनिख से दिल्ली रूट पर भी अपनी सेवाएं देगी। लुफ्थांसा की रिलीज के मुताबिक वह भारत के बाहर पिछले कई महीनों से फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख से अपनी सेवाएं संचालित कर रही है। भारत और जर्मनी के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत भारत के लिए पैसेंजर उड़ान सेवाएं 13 अगस्त से दोबारा शुरू होंगी। कंपनी के ग्रुप डायरेक्टर (दक्षिण एशिया बिक्री) जॉर्ज एट्टियिल ने कहा कि जर्मनी से भारत के लिए उड़ान शुरू होने से लुफ्थांसा लोगों को भारत लौटने में मदद कर सकेगी। साथ ही कारोबारी यात्राएं शुरू हो सकेंगी क्योंकि दुनिया धीरे-धीरे लॉकडाउन से बाहर आ रही है।

देश में कोरोना वायरस की वजह से लागू किए गए लॉकडाउन की घोषणा के बाद से मार्च से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगई हुई है। हालांकि इस दौरान विदेशों में फंसे भारतीयों की स्वदेश वापसी के लिए सरकार ने वंदे भारत मिशन का परिचालन जारी है। एयरलाइन सेक्टर के रेगुलेटर डीजीसीए ने हाल ही में देश में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही पर रोक 31 अगस्त तक बढ़ा दी थी। हालांकि, मालवाहक उड़ानों और डीजीसीए द्वारा मंजूर उड़ानों को परिचालन की अनुमति दी गई है।

End of Article