Hurun India Rich List: गौतम अडानी ने हर दिन कमाए 1600 करोड़ रु, जानें अंबानी से कितने अमीर हैं अडानी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 21, 2022, 05:27 PM IST

IIFL Wealth Hurun India Rich List 2022: भारत के शीर्ष 10 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति में गौतम अडानी और मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति का 59 फीसदी हिस्सा है।

Hurun India Rich List: गौतम अडानी ने हर दिन कमाए 1600 करोड़ रु, जानें अंबानी से कितने अमीर हैं अडानी
Photo Credit: BCCL

नई दिल्ली। बुधवार को जारी आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 (IIFL Wealth Hurun India Rich List 2022) के अनुसार, दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी (Gautam Adani) की संपत्ति पिछले एक साल में प्रति दिन 1,600 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़कर 10.94 लाख करोड़ रुपये हो गई। अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में उछाल की वजह से एशिया के सबसे रईस शख्स की संपत्ति बढ़ी है। पिछले एक साल में अडानी की संपत्ति में 5.88 लाख करोड़ रुपये यानी 116 फीसदी की वृद्धि हुई की वृद्धि हुई।

बेतहाशा बढ़ी अडानी की दौलत
इस संदर्भ में हुरुन इंडिया के एमडी और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि, 'भारतीय धन सृजन के दृष्टिकोण से, 2022 को अडानी की वृद्धि के लिए याद किया जाएगा। अपनी कमोडिटी ट्रेडिंग कंपनी को कोयला-से-पोर्ट-टू-एनर्जी ग्रुप में तेजी से विस्तारित करते हुए, अडानी सात ऐसी कंपनियों का निर्माण करने वाले एकमात्र भारतीय हैं जिनका मार्केट कैप एक लाख करोड़ रुपये है।'

अंबानी से कितने अमीर हैं अडानी?
रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance) के मालिक मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की तुलना में अडानी 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा अमीर हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2012 में अडानी की संपत्ति अंबानी की संपत्ति का मुश्किल से छठा हिस्सा थी। 10 साल के लिए सबसे अमीर भारतीय के टैग पर कब्जा करने के बाद, अंबानी इस साल की लिस्ट में 7.94 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। पिछले साल अंबानी की संपत्ति में 11 फीसदी की वृद्धि हुई। रिलायंस के प्रमुख ने पिछले एक साल में हर दिन अपनी संपत्ति में 210 करोड़ रुपये जोड़े।

भारत का सबसे मूल्यवान व्यापारिक घराना
पिछले पांच सालों में अधिग्रहण और ऑर्गैनिक विकास पर अडानी की संपत्ति में 1,440 फीसदी की भारी वृद्धि हुई है। हाल ही में, अडानी ग्रुप टाटा को पछाड़कर मार्केट कैप के मामले में भारत का सबसे मूल्यवान व्यापारिक घराना बन गया था।

End of Article