Working Days in Banks : पश्चिम बंगाल में अब सप्ताह में 5 दिन ही खुले रहेंगे बैंक, शनिवार और रविवार छुट्टी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 21, 2020, 11:03 AM IST

5-Days working in Banks : बैंक कर्मियों के हित में पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब इस राज्य में सप्ताह में 5 दिन ही बैंक खुले रहेंगे।

Working Days in Banks : पश्चिम बंगाल में अब सप्ताह में 5 दिन ही खुले रहेंगे बैंक, शनिवार और रविवार छुट्टी
Photo Credit: BCCL

Bank holidays in West Bengal : लगता है ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन की मांग पर गंभीरता से विचार किया गया है। इसलिए पश्चिम बंगाल में हर शनिवार को बैंक बंद रहेंगे। एसोसिएशन की डिमांड थी कि बैंक कर्मियों पर कोरोना वायरस का खतरा है और ऐसे में सप्ताह में 5 दिन ही काम हो यानी वर्किंग डेज पांच दिनों का हो। पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को हर शनिवार को बैंक बंद संबंध में निर्देश जारी किया है।

राज्य में बैंक कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। वर्तमान में बैंक प्रत्येक रविवार के अलावा हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को ही बंद रहते हैं।

 पश्चिम बंगाल के फाइनंस (लेखा परीक्षा) डिपार्टमेंट ने एक नोटिफिकेशन में कहा है कि राज्यपाल यह घोषणा करते हैं कि पश्चिम बंगाल में काम करने वाली सभी बैंक शाखाओं के मामले में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स कानून,1881 के तहत मौजूदा दूसरे और चौथे शनिवार के साथ ही हर शनिवार को सरकारी छुट्टी होगी। 

इसमें कहा गया है कि यह आदेश तुरंत प्रभाव से अमल में आ जाएगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) के राज्य सचिव संजय दास ने कहा कि सरकारी सेक्टर और प्राइवेट सेक्टर के बैंकों के 2,000 से अधिक कर्मचारी राज्य में कोराना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा था कि ऐसा करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम होगा। इस समय बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार और प्रत्येक रविवार को छुट्टी रहती है। 

End of Article