Ruchi Soya FPO: बाबा रामदेव का बिजनेस पार्टनर बनने का सुनहरा मौका! लगाने होंगे सिर्फ 12915 रुपये

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 24, 2022, 10:18 AM IST

Ruchi Soya FPO: साल 2019 में पतंजलि ने एक दिवाला प्रक्रिया के माध्यम से 4,350 करोड़ रुपये में रुचि सोया का अधिग्रहण किया था, जो स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध है।

Ruchi Soya FPO: बाबा रामदेव का बिजनेस पार्टनर बनने का सुनहरा मौका! लगाने होंगे सिर्फ 12915 रुपये
Photo Credit: BCCL

Ruchi Soya FPO: आज योर गुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev) की कंपनी रुचि सोया (Ruchi Soya) का फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (Follow-on Public Offer, FPO) खुल गया है। रुचि सोया इंडस्ट्रीज बाबा रामदेव के नेतृत्व वाली पतंजलि आयुर्वेद (Patanjali Ayurved) के स्वामित्व वाली कंपनी है। इस फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर के जरिए कंपनी का 4,300 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान है। निवेशकों के लिए आज यानी 24 मार्च 2022 से यह एफपीओ खुला है। इसमें 28 मार्च तक निवेश (Ruchi Soya FPO Date) किया जा सकता है।

कितना है प्राइस बैंड?
रुचि सोया एफपीओ में अपने शेयरों को 615 रुपये से 650 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड (Ruchi Soya FPO Price Band) पर पेश कर रही है। 

कितना करना होगा निवेश?
अगर आप भी इसमें निवेश का प्लान बना रहे हैं तो मालूम हो कि निवेशक कम से कम 21 शेयरों और उसके बाद 21 इक्विटी शेयरों के गुणकों में पैसा लगा सकते हैं। आपको कम से कम 12,915 रुपये का निवेश करना होगा।

2019 में पतंजलि ने किया था रुचि सोया का अधिग्रहण
पिछले साल अगस्त में कंपनी को एफपीओ लॉन्च करने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी (SEBI) की मंजूरी मिली थी। रुचि सोया ने जून 2021 में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दायर किया था। रुचि सोया एक लिस्टेड कंपनी में सेबी के न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग 25 फीसदी के मानदंड को पूरा करने के लिए सार्वजनिक निर्गम लेकर आ रही है। साल 2019 में पतंजलि ने एक दिवाला प्रक्रिया के माध्यम से 4,350 करोड़ रुपये में रुचि सोया का अधिग्रहण किया था, जो स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध है।

क्या करती है रुचि सोया? (Ruchi Soya Business)
रुचि सोया खाद्य तेल बिजनेस में अग्रणी खिलाड़ियों में से एक है और विभिन्न प्रोडक्ट पोर्टफोलियो जैसे गेहूं का आटा, शहद, बिस्किट, रस्क, नूडल्स, आदि के साथ विभिन्न वर्टिकल में है। यह सोया उत्पादों में भी अग्रणी खिलाड़ियों में से एक है।

End of Article