बिजनेस

3750 करोड़ का घोटाला? अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस पर CBI का नया केस

उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। सीबीआई ने रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है। कंपनी पर LIC को करीब 3750 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

Image

अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस पर CBI का नया केस (File Photo)

CBI ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और अनिल अंबानी के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। आरोप है कि कंपनी ने LIC को करीब 3750 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। CBI ने यह केस 1 अप्रैल 2026 को दर्ज किया है। इसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस, अनिल अंबानी, कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामला साजिश, धोखाधड़ी, फंड के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से जुड़े आरोपों से संबंधित है।

कैसे हुआ कथित घोटाला

CBI के मुताबिक रिलायंस कम्युनिकेशंस ने LIC को कंपनी के नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) में करीब 4500 करोड़ रुपये निवेश करने के लिए राजी किया। आरोप है कि यह निवेश कंपनी की वित्तीय स्थिति और सुरक्षा के बारे में गलत जानकारी देकर कराया गया। LIC ने यह शिकायत फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर की थी, जिसे BDO India LLP ने 15 अक्टूबर 2020 को तैयार किया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि कंपनी और उसके प्रबंधन ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जुटाए गए पैसों का गलत इस्तेमाल किया और फंड को अलग-अलग कंपनियों के जरिए घुमाया।

जांच में क्या सामने आया

फॉरेंसिक ऑडिट में कई गंभीर अनियमितताओं की बात सामने आई है, जिनमें शामिल हैं:

  • फर्जी बिलों के जरिए पैसे निकालना
  • सहायक कंपनियों के जरिए फंड ट्रांसफर करना
  • शेल कंपनियों के जरिए पैसे का कथित हेरफेर
  • फर्जी देनदार और बकाया दिखाना
  • संपत्तियों की कीमत को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कंपनी द्वारा दिखाए गए एसेट और उनके खिलाफ बनाए गए चार्ज में बड़ा अंतर था।

पहले भी दर्ज हो चुके हैं केस

CBI इससे पहले भी रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी के खिलाफ बैंकों के साथ कथित धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज कर चुकी है। मौजूदा मामला खास तौर पर LIC को हुए नुकसान से जुड़ा है। फिलहाल CBI इस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय होगी।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article