बिजनेस

अमिताभ बच्चन ने मुंबई के अलीबाग में खरीदे तीन प्लॉट, इतने करोड़ में हुई डील

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को 83वें जन्मदिन के जश्न में डूबे हुए हैं। इस बार बिग बी ने अपने जन्मदिन को और भी खास बना दिया है और मुंबई के पास अलीबाग में तीन नई प्रॉपर्टी अपने नाम कर ली हैं। जानिए, ये नई संपत्तियां कहां हैं और अमिताभ के पास देशभर में और कौन-कौन सी आलीशान प्रॉपर्टी मौजूद हैं।

Image

Amitabh Bachchan Properties

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को अपना 83वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर से फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं। वहीं, बिग बी ने भी अपने इस जन्मदिन को बेहद खास बना लिया है। उन्होंने खुद को अलीबाग में तीन नई प्रॉपर्टी गिफ्ट की हैं। ये जगह मुंबई के पास एक शांत और सुंदर इलाका है, जहां कई फिल्मी सितारे अपने वीकेंड हाउस रखते हैं। आइए आपको अमिताभ बच्चन के लेटेस्ट प्रॉपर्टी की डिटेल्स बताते हैं साथ ही इसके साथ उन्होंने कहां कहां प्रॉपर्टी ली है ये भी बताते हैं।

एक साथ खरीदें 3 प्लॉट

रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने 96, 97 और 98 नंबर के तीन प्लॉट खरीदे हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 9,557 वर्ग फुट है। इनका रजिस्ट्रेशन 7 अक्टूबर 2025 को हुआ, जिसके लिए उन्होंने करीब 39.58 लाख रुपये का स्टांप ड्यूटी टैक्स भरा है।

इतने में हुई डील

तीनों प्रॉपर्टी की कीमतें भी चौंकाने वाली हैं सबसे बड़ा प्लॉट नंबर 96 है, जो 4,047 वर्ग फुट में फैला है और इसकी कीमत 2.78 करोड़ रुपये है। वहीं, प्लॉट नंबर 97 (2,776 वर्ग फुट) 1.92 करोड़ रुपये और प्लॉट नंबर 98 (2,734 वर्ग फुट) 1.88 करोड़ रुपये में खरीदा गया। ये सभी प्लॉट HOABL Landbuild Pvt. Ltd. से खरीदे गए हैं।

इससे पहले भी खरीद चुके हैं प्रॉपर्टी

यह अमिताभ बच्चन की अलीबाग में दूसरी प्रॉपर्टी है। इससे पहले अप्रैल 2024 में उन्होंने इसी इलाके में 10 करोड़ रुपये में 10,000 वर्ग फुट का प्लॉट खरीदा था। इसके अलावा, बिग बी ने अयोध्या में भी निवेश किया है। यहां उनके पास कई प्लॉट हैं, जिनमें एक 5,372 वर्ग फुट की प्रॉपर्टी भी शामिल है, जिसे उन्होंने राम मंदिर उद्घाटन से पहले खरीदा था। साथ ही उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ट्रस्ट के तहत 54,000 वर्ग फुट का एक प्लॉट भी है, जिसे स्मारक के रूप में विकसित किया जा सकता है।

अमिताभ बच्चन की नेटवर्थ और इनकम सोर्सेज

अमिताभ बच्चन आज न सिर्फ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता हैं, बल्कि एक सफल निवेशक और बिजनेसमैन भी हैं। उनकी कुल नेटवर्थ लगभग ₹3,500 करोड़ रुपये आंकी जाती है। उनकी आमदनी के प्रमुख स्रोत फिल्में, ब्रांड एंडोर्समेंट, टीवी शो (जैसे कौन बनेगा करोड़पति), और रियल एस्टेट निवेश हैं। वे कई बड़ी कंपनियों में निवेश भी कर चुके हैं, जिनमें Just Dial, Stampede Capital, और ZEE Learn जैसी कंपनियां शामिल हैं। साथ ही, उनके पास मुंबई, अलीबाग, अयोध्या और दुबई में भी आलीशान प्रॉपर्टीज हैं।

अपने लंबे और शानदार करियर के साथ-साथ, बिग बी अब समझदारी से रियल एस्टेट और बिजनेस इन्वेस्टमेंट के जरिए भी अपनी संपत्ति बढ़ा रहे हैं सच में, वो सिर्फ सिनेमा के महानायक नहीं, बल्कि निवेश के भी ‘शहंशाह’ हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article