Air India New Pay Structure : एयर इंडिया की पायलट यूनियन ने कंपनी के नए कॉन्ट्रैक्ट को नामंजूर कर दिया है, जिसमें पायलटों और केबिन-क्रू के लिए नया पे-स्ट्रक्चर भी शामिल है। यूनियन ने अपने सदस्यों को निर्देश दिया है कि वे मैनेजमेंट की तरफ से पेश की गई नई रोजगार शर्तों और पे-स्ट्रक्चर को स्वीकार न करें।
पिछले साल टाटा समूह द्वारा खरीदे जाने के बाद एयर इंडिया का मैनेजमेंट पहली बार वेतन में बदलाव करने जा रहा था। इससे चार एयरलाइनों (एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, एयर एशिया इंडिया और विस्तारा) के सभी 3,000 पायलटों पर असर पड़ता।
25 अप्रैल तक साइन करना है कॉन्ट्रैक्ट
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार एयर इंडिया के कर्मचारियों को 25 अप्रैल तक नया कॉन्ट्रैक्ट साइन करना है। एयर इंडिया के पायलट एसोसिएशंस ने एयरलाइन के नये पे-स्ट्रक्चर को 'अवैध' और 'अनैतिक' बताकर खारिज कर दिया है।
इतना ही नहीं उन्होंने आगे चेतावनी दी है कि "इन सख्त शर्तों और मुआवजे पर साइन करने के लिए कंपनी ने पायलटों के खिलाफ कोई कठोर कदम उठाया या उत्पीड़न किया तो इससे 'औद्योगिक अशांति' पैदा होगी।
एयर इंडिया ने यूनियंस को नकारा
इन यूनियनों में इंडियन कमर्शियल पायलट एसोसिएशन (आईसीपीए) और इंडियन पायलट गिल्ड (आईपीजी) शामिल हैं। पर एयर इंडिया ने कहा है कि र्तमान में इस समय एयर इंडिया में कोई मान्यता प्राप्त एसोसिएशिन नहीं है।
बता दें कि एयर इंडिया ने पायलटों और केबिन क्रू के लिए नए 'पे-स्ट्रक्चर' का ऐलान करते हुए था कि इन कर्मचारियों के लिए हर महीने 40 घंटे का गारंटीड फ्लाइंग अलाउंस शामिल किया जाएगा। पायलटों का फ्लाइंग अलाउंस दोगुना करने के साथ ही पे-स्ट्रक्चर में फ्लाइट अटेंडैंट्स के लिए भी फ्लाइंग अलाउंट शुरू करने का ऐलान किया गया था। पर केबिन क्रू के लिए, कुछ अलाउंस, जैसे कि वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट पर काम करने के लिए मिलने वाला अलाउंस और एक क्विक टर्नअराउंड फ्लाइट अलाउंस को खत्म कर दिया गया है।
कई पायलट और केबिन क्रू कर चुके मंजूर
एयर इंडिया के मुताबिक बड़ी संख्या में पायलट और केबिन क्रू इस कॉन्ट्रैक्ट को मंजूर कर चुके हैं। एयरलाइन अपने नये कॉन्ट्रैक्ट में बाकी कर्मचारियों को शामिल करेगी।
