अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) का वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,043 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को तीसरी तिमाही के अपने वित्तीय परिणामों की जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 2,518 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। आलोच्य तिमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 7,964 करोड़ रुपये से बढ़कर 9,705 करोड़ रुपये हो गया।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त तेजी
भारत-अमेरिका ट्रेड डील की घोषणा के बाद मंगलवार को अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जिसमें अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) सबसे आगे रही। शेयर बाज़ार में तेजी के चलते अडानी ग्रीन और अडानी एनर्जी के शेयरों में भी 7 परसेंट से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। इसका असर अडानी पोर्ट्स, अडानी पावर, अंबुजा सीमेंट्स और अडानी टोटल पर भी दिखा, जिनके शेयरों में शानदार तेजी आई। अडानी ग्रुप की कंपनियों में निवेशकों का भरोसा US-इंडिया ट्रेड डील से बढ़ा, जिसमें जेफरीज ने इस ग्रुप को मुख्य लाभार्थियों में से एक बताया। जेफरीज के अनुसार, यह मुख्य रूप से अडानी ग्रुप की कंपनियों का US में बड़े पैमाने पर कारोबार होने के कारण है, जिसने ऑटो पार्ट्स, सोलर मैन्युफैक्चरर्स, केमिकल कंपनियों और टेक्सटाइल जैसे कुछ अन्य सेक्टर्स को भी बताया जिन्हें इस ट्रेड डील से फायदा होने की संभावना है।
कंपनी के सीईओ ने क्या कहा?
एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्वनी गुप्ता ने कहा, "हमारा प्रदर्शन मजबूत और स्थिर रहा है। चार व्यावसायिक स्तंभों में निरंतर गति और नॉर्थ क्वींसलैंड एक्सपोर्ट टर्मिनल (एनक्यूएक्सटी) के समेकन से वित्त वर्ष 2025-26 का कर-पूर्व आय मार्गदर्शन का ऊपरी स्तर 800 करोड़ रुपये बढ़ गया है।"
भाषा योगेश अजय
