बिजनेस

WEF: अडानी की कंपनी ने लिया सबसे बड़ा संकल्प, 2030 तक लगाएंगे 10 करोड़ पेड़

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Jan 17, 2023, 11:38 AM IST

World Economic Forum: विश्व आर्थिक मंच के 'ट्रिलियन ट्रीज प्लेटफॉर्म' में अडानी की कंपनी की ओर से बड़ा संकल्प लिया गया। ब्लूमबर्ग के मुताबिक गौतम अडानी (Gautam Adani) की नेट वर्थ 121 अरब डॉलर है।

Image

WEF: Gautam Adani की कंपनी ने लिया सबसे बड़ा संकल्प, 2030 तक लगाएंगे 10 करोड़ पेड़

Photo : BCCL

नई दिल्ली। भारत के सबसे अमीर अरबपति गौतम अडानी (Gautam Adani) के नेतृत्व वाले समूह अडानी ग्रुप (Adani Group) ने देश का सबसे बड़ा वृक्षारोपण संकल्प लिया है। इस ग्रुप ने साल 2030 तक 100 मिलियन यानी 10 करोड़ पेड़ उगाने का संकल्प लिया है। अडानी के नेतृत्व वाले समूह ने विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) के 'ट्रिलियन ट्रीज प्लेटफॉर्म' - 1t.org पर यह प्रतिबद्धता जताई है। यह भारत में अब तक का सबसे बड़ा वृक्षारोपण संकल्प है।

16 जनवरी से शुरू हुई WEF की बैठक

मालूम हो कि 1t.org एक मल्टी- हितधारक मंच है जो 2030 तक 1 ट्रिलियन पेड़ों को बचाने, उको दोबारा स्थापित करने और विकसित करने के लिए एक वैश्विक आंदोलन की सेवा करता है, जो संयुक्त राष्ट्र के इकोसिस्टम बहाली के दशक के समर्थन में है। उल्लेखनीय है कि विश्व आर्थिक मंच (WEF) ने 16 जनवरी से स्विट्जरलैंड के दावोस (Davos) में अपनी वार्षिक बैठक शुरू की। इसका आयोजन 20 जनवरी 2023 तक किया जाएगा। इस साल की थीम 'एक खंडित दुनिया में सहयोग' (Cooperation in a fragmented world) है। इसका उद्देश्य दुनिया के सामने सबसे अधिक दबाव वाले मुद्दों को संबोधित करना और इनके समाधान को बढ़ावा देना है।

अडानी ने लिया संकल्प

इस संदर्भ में 60 वर्षीय उद्योगपति अडानी ने कहा कि 1t.org की एक खरब पेड़ लगाने की महत्वाकांक्षा का पैमाना प्रेरणादायक है। यह मानवता के लचीलेपन का प्रतिबिंब है और समान विचारधारा वाले लोगों की सामूहिक शक्ति के माध्यम से हासिल किया जा सकता है। गौतम अडानी का मानना है कि इकोसिस्टम को बहाल करना, बायोडायवर्सिटी के नुकसान को उलटना और मिट्टी के कटाव को कम करना एक हरित दुनिया के निर्माण के लिए आवश्यक है। इस संदर्भ में, अरबपति ने प्रतिज्ञा की कि अडानी समूह 2030 तक यानी अगले सात सालों में 10 करोड़ पेड़ लगाएगा।

अदानी समूह ने कहा कि वह पहले ही 2.9 करोड़ पेड़ लगा चुका है। समूह ने एक बयान में घोषणा की कि इसका लक्ष्य साल 2030 तक 37.10 मिलियन मैंग्रोव पेड़ लगाना है। इसमें संरक्षण के साथ-साथ एफॉरेस्टेशन भी शामिल है।

मैंग्रोव समुद्र तटों की रक्षा करते हैं, समुद्री बायोडायवर्सिटी को बढ़ाते हैं, स्थानीय आजीविका प्रदान करते हैं, खारे पानी के प्रवेश को रोकते हैं, मछलियों और अन्य जलीय जीवों के लिए ब्रीडिंग भूमि प्रदान करते हैं और कई अन्य लाभ प्रदान करते हैं। इसके अलावा ये पेड़ वायु प्रदूषण (Air Pollution) को कम करने, थर्मल आराम प्रदान करने, ग्राउंड वॉटर टेबल को रिचार्ज करने और मिट्टी के कटाव को रोकने के मामले में भी लाभ प्रदान करते हैं। इसके साथ ही गौतम अडानी का समूह 2030 तक 63.08 मिलियन पेड़ों के टेरेस्ट्रियल वृक्षारोपण का भी लक्ष्य रखता है।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article