बिजनेस

विजय पर 15 करोड़ के कैश के लिए सिर्फ 10% जुर्माना क्यों? अनडिस्क्लोज्ड इनकम और कैश पर कब लगता है कितना जुर्माना?

विजय थलापति के पास मिले ₹15 करोड़ के कैश पर सिर्फ 10% जुर्माना क्यों लगा? क्या यह सेलिब्रिटी होने की रियायत है या Income Tax का कोई खास नियम? आइए, जानते हैं क्या हैं क्या है इनकम टैक्स का नियम?

Image

Vijay Thalapathy Tax

इनकम टैक्स विभाग (Income tax)की कार्रवाई अक्सर चर्चा में रहती है, लेकिन हाल ही में साउथ इंडिया के सुपरस्टार थलापति विजय (Thalapathy Vijay) से जुड़ा एक मामला कानूनी विशेषज्ञों और आम जनता के बीच बहस का विषय बना हुआ है। मामला यह है कि आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान विजय के पास से करीब 15 करोड़ रुपये का कैश मिला था, जिस पर उन्होंने 1.5 करोड़ रुपये का जुर्माना भरा। अब सवाल यह उठ रहा है कि जहां इनकम टैक्स के नियम अघोषित आय पर 200% तक जुर्माने की बात करते हैं, वहां विजय के मामले में यह दर सिर्फ 10% ही क्यों रही? क्या यह सेलिब्रिटी होने का फायदा था या कानून के भीतर ही कोई ऐसा प्रावधान है?

क्या है इनकम टैक्स का नियम

आयकर अधिनियम (Income Tax Act) में अघोषित संपत्ति और नकदी पर जुर्माने के अलग-अलग प्रावधान हैं। सामान्य परिस्थितियों में अगर कोई टैक्स चोरी पकड़ी जाती है, तो जुर्माना 60% से लेकर 200% तक जा सकता है। लेकिन विजय के मामले में Section 271AAB लागू हुआ। यह सेक्शन विशेष रूप से उन मामलों के लिए है जहां आयकर विभाग की 'सर्च' (Search) या छापेमारी के दौरान अघोषित आय का पता चलता है। इस नियम के तहत, अगर कोई व्यक्ति छापेमारी के दौरान मिली अघोषित आय को स्वीकार कर लेता है, यह बताता है कि वह पैसा कहां से आया और उस पर लगने वाला टैक्स व ब्याज समय पर चुका देता है, तो जुर्माने की दर काफी कम हो सकती है।

सिर्फ 10% जुर्माना ही क्यों लगा?

विजय के मामले में 10% की दर लगने के पीछे कानूनी प्रक्रिया की शर्तें थीं। कानून के मुताबिक, अगर छापेमारी के दौरान टैक्सपेयर अपनी गलती मान लेता है और अघोषित आय को स्वीकार करते हुए जांच में पूरा सहयोग करता है, तो जुर्माना कुल अघोषित आय का 10% तय किया जा सकता है। विजय ने भी संभवतः इसी प्रक्रिया का पालन किया उन्होंने 15 करोड़ रुपये की अघोषित नकदी को स्वीकार किया और उस पर देय टैक्स के साथ 1.5 करोड़ रुपये (15 करोड़ का 10%) का जुर्माना भरा। यह रियायत इसलिए दी जाती है ताकि लंबी कानूनी लड़ाई के बजाय सरकार को टैक्स का पैसा तुरंत मिल सके।

200% जुर्माना कब लगता है?

अक्सर लोग सुनते हैं कि टैक्स चोरी पर 200% जुर्माना लगता है, लेकिन यह स्थिति अलग होती है। Section 270A के तहत, अगर कोई व्यक्ति अपनी आय को जानबूझकर छिपाता है (Under-reporting or Misreporting), और विभाग अपनी जांच में इसे साबित कर देता है, तब जुर्माना टैक्स की राशि का 50% से 200% तक हो सकता है। विजय के मामले में चूंकि आय छापेमारी के दौरान 'सरेंडर' की गई थी और उन्होंने विभाग के साथ सहयोग किया था, इसलिए वे इस भारी जुर्माने से बच गए। यदि वह उस कैश को अपना मानने से इनकार करते और बाद में विभाग उसे साबित करता, तो जुर्माना बहुत अधिक हो सकता था।

कैश रखने के क्या हैं नियम?

आम आदमी को यह समझना जरूरी है कि घर में कैश रखना अपराध नहीं है, बशर्ते आपके पास उस पैसे का हिसाब (Source of Income) हो। अगर आपके पास मिले कैश का मिलान आपकी टैक्स रिटर्न (ITR) से नहीं होता, तो उसे 'अनडिस्क्लोज्ड इनकम' माना जाता है। ऐसी स्थिति में विभाग न केवल टैक्स वसूलता है, बल्कि ऊपर से भारी पेनल्टी भी लगाता है। विजय के केस ने यह साफ कर दिया है कि अगर छापेमारी में फंसे व्यक्ति नियमों के तहत अपनी गलती मानकर टैक्स चुका देते हैं, तो कानून उन्हें 'सेटलमेंट' का मौका देता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article