बिजनेस

Gautam Adani Net Worth: एक रिपोर्ट ने डुबाए अडानी के हजारों करोड़ रुपये, अमीरों में दूसरे से इस स्थान पर खिसके

  • Written by: प्रभाष रावत
  • Updated Jan 27, 2023, 06:45 PM IST

Gautam Adani Wealth: शुक्रवार को अडानी ग्रुप ऑफ कंपनीज के शेयर की कीमतों में 20% तक की गिरावट के बाद गौतम अडानी की संपत्ति में बड़ी गिरावट देखने को मिली और शेयर बाजार में हजारों करोड़ रुपये खोने के बाद दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंचे गौतम अडानी खिसककर 7वें पायदान पर आ गए।

Image

गौतम अडानी

एशिया और भारत के सबसे अमीर अरबपति गौतम अडानी की संपत्ति शुक्रवार को तेजी से गिरी और वैश्विक अमीरों की सूची में उनकी रैंकिंग शुक्रवार को दूसरे से सातवें स्थान पर आ गई। फोर्ब्स रियल टाइम्स बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, दिन के दौरान अडानी की संपत्ति 22.5 बिलियन डॉलर से ज्यादा गिरकर 96.8 बिलियन डॉलर हो गई। अगर रुपये में बात करें तो अडानी की संपत्ति में 18,44,71,37,00,000 रुपये की गिरावट आई है। अडानी को अब माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स से नीचे रखा गया है, जिनकी संपत्ति अमीरों की सूची में 104.1 बिलियन डॉलर आंकी गई थी।

अडानी पिछले साल अमीरों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे और ऐसा उनके ग्रुप स्टॉक की कीमतों में बड़ी तेजी के बाद हुआ था। वह लंबे समय तक तीसरे स्थान पर रहे और हाल ही में उनकी जगह अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस (122 बिलियन डॉलर) ने ले ली। बर्नार्ड अर्नाल्ट (लुई विटन) एंड फैमिली 216.1 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ अमीर लिस्ट में शामिल हैं, इसके बाद एलोन मस्क (टेस्ला, स्पेसएक्स, ट्विटर) हैं, जिनकी कुल संपत्ति 170.1 बिलियन डॉलर आंकी गई थी।

अडानी के व्यापारिक प्रतिद्वंद्वी और आरआईएल के अध्यक्ष मुकेश अंबानी 83.6 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ अमीरों की सूची में 11वें स्थान पर थे। संपत्ति लिस्ट में गौतम अडानी की गिरावट शुक्रवार को अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों की कीमतों में 20% तक की गिरावट के बाद आई है। अडानी समूह और अमेरिका स्थित एक्टिविस्ट निवेशक फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट गुरुवार को चर्चा में आ गई थी जिसने अडानी ग्रुप पर धोखाधड़ी से जुड़े आरोप लगाए थे। इसके अलावा, हिंडनबर्ग के सवालों का अडानी ग्रुप ने खंडन किया है हालांकि इससे उनके शेयरों में गिरावट से राहत नहीं मिल सकी।

हिंडरबर्ग रिसर्च ने 24 जनवरी को एक रिपोर्ट में अडानी पर शेयर बाजार में हेरफेर का आरोप लगाया, इसकी सात लिस्ट की गई कंपनियों के शेयर की कीमतों को 'ओवरवैल्यूड' कहा और साथ ही करीबी परिवार के सदस्यों की भूमिका पर सवाल उठाया। अडानी ने इन आरोपों को 'दुर्भावनापूर्ण' बताया है और कहा है कि वह हिंडनबर्ग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।

अडानी टोटल गैस के शेयर की कीमतें शुक्रवार को बीएसई पर 20% गिरकर 2,934 रुपये के निचले स्तर पर आ गईं, जबकि अडानी ग्रीन 19% गिरकर 1,488 रुपये के निचले स्तर पर आ गया। समूह के प्रमुख अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 8% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अडानी पोर्ट्स (APSEZ) के शेयर 10% की गिरावट के साथ 52-सप्ताह के निचले स्तर पर आ गए। अडानी ट्रांसमिशन में 17% से अधिक की गिरावट आई, जबकि अडानी पावर और अडानी विल्मर में 5% की गिरावट देखने को मिली। अन्य अडानी शेयरों में भी शुक्रवार को भारी बिकवाली का दबाव देखा गया।

शुक्रवार के कारोबारी सेशन की शुरुआत में ही अडानी ग्रुप के बाजार पूंजीकरण में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई थी। बुधवार को ग्रुप का मार्केट कैप करीब 97,000 करोड़ रुपए गिर गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

प्रभाष रावत
प्रभाष रावत author

रक्षा और अंतर्राष्ट्रीय कूटनीतिक विषयों में विशेष रुचि रखने वाले प्रभाष रावत कुछ-ना-कुछ नया सीखते रहने में विश्वास करते हैं। बीते 5 साल से ज्यादा समय ... और देखें

End of Article