बिजनेस

8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग की इस दिन दिल्ली में बड़ी बैठक, रक्षा और रेलवे कर्मचारियों के लिए अहम मौका

8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग 2026 दिल्ली में 13 और 14 मई को रक्षा और रेलवे कर्मचारियों के साथ बैठक करेगा, जिसमें वेतन, पेंशन, भत्ते और सेवा सुधारों पर सुझाव लेकर अंतिम सिफारिशें तैयार की जाएंगी।

Image

आठवें वेतन आयोग की दिल्ली में अहम बैठक

Photo : iStock

8th Pay Commission : केंद्र सरकार के 8वें वेतन आयोग ने रक्षा मंत्रालय (MoD) और रेलवे मंत्रालय (MoR) से जुड़े कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और पेंशनर्स के साथ दिल्ली में विशेष बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। यह बैठक (8th CPC Meeting 2026) 13 और 14 मई 2026 को आयोजित होगी। आयोग ने 6 मई 2026 को जारी प्रेस रिलीज में इसकी जानकारी दी। इन बैठकों का उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनर्स से सीधे सुझाव और मांगें लेना है, ताकि भविष्य की वेतन, भत्ता और सेवा नियमों से जुड़ी सिफारिशें तैयार की जा सकें।

किन लोगों को मिलेगा भाग लेने का मौका

इस बैठक में रक्षा और रेलवे सेक्टर से जुड़े यूनियन, कर्मचारी संगठन, एसोसिएशन और संस्थान हिस्सा ले सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही संगठन शामिल हो पाएंगे जो तय प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करेंगे। आवेदन करने के लिए संबंधित संगठन को पहले अपना मेमोरेंडम निर्धारित फॉर्मेट में जमा करना होगा। इसके बाद एक Memo ID जारी की जाएगी, जिसके जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग के अनुसार, आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए आधिकारिक NIC पोर्टल का उपयोग करना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 10 मई 2026 तय की गई है। चयनित संगठनों और प्रतिनिधियों को बाद में बैठक के समय और स्थान की जानकारी अलग से भेजी जाएगी।

बैठक का स्थान और जरूरी जानकारी

8वें वेतन आयोग की यह बैठक दिल्ली में आयोजित होगी, हालांकि आयोग ने अभी तक सटीक स्थान की जानकारी जारी नहीं की है। आयोग ने कहा है कि बैठक का वेन्यू बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट किया जाएगा। इच्छुक संगठन आयोग की वेबसाइट पर जाकर समय-समय पर जानकारी देख सकते हैं। अधिक जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://8cpc.gov.in/ पर जाएं।

कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए क्यों अहम हैं ये बैठकें

ये बैठकें इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं क्योंकि यहां कर्मचारी संगठनों को अपनी समस्याएं और मांगें सीधे आयोग के सामने रखने का मौका मिलेगा। रक्षा और रेलवे दोनों ही केंद्र सरकार के बड़े विभाग हैं, जहां लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स जुड़े हुए हैं। ऐसे में उनकी सैलरी, पेंशन, भत्तों और सेवा शर्तों में बदलाव से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होंगे। इन बैठकों में कर्मचारी संगठन वेतन बढ़ोतरी, महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता, मेडिकल सुविधाएं, पेंशन सुधार और प्रमोशन से जुड़े मुद्दे उठा सकते हैं। आयोग इन सुझावों और मांगों का अध्ययन करने के बाद अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को सौंपेगा।

पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर

8वें वेतन आयोग ने कहा है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसी वजह से अलग-अलग चरणों में विभिन्न विभागों और कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। आयोग ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में दिल्ली में और भी बैठकें आयोजित होंगी, जिनकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

सरकार चाहती है कि वेतन आयोग की सिफारिशें तैयार करने से पहले सभी संबंधित पक्षों की राय ली जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनर्स की वास्तविक जरूरतों को समझा जा सके।

भविष्य की सैलरी और भत्तों पर पड़ेगा असर

एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन बैठकों से मिलने वाले सुझाव भविष्य में केंद्र सरकार कर्मचारियों की सैलरी स्ट्रक्चर और पेंशन नीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 8वां वेतन आयोग आने वाले वर्षों में सरकारी कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति पर बड़ा असर डाल सकता है। ऐसे में रक्षा और रेलवे कर्मचारियों के लिए यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि यहां उठाए गए मुद्दे सीधे भविष्य की वेतन और सेवा नीतियों को प्रभावित कर सकते हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article