बिजनेस

444 दिन की स्पेशल FD: SBI, इंडियन बैंक, BOB, केनरा और IDBI में कहां मिलेगा सबसे अधिक ब्याज?

444 दिन की स्पेशल FD स्कीम में SBI, इंडियन बैंक, BOB, IDBI और केनरा बैंक दे रहे हैं अलग-अलग ब्याज दरें। अगर आप निवेश के लिए अच्छा विकल्प तलाश रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है, जानें किस बैंक से आपको मिलेगा सबसे ज्यादा रिटर्न और कहां निवेश करना होगा ज्यादा फायदेमंद।

Image

कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न?

अगर आप सुरक्षित निवेश का तरीका ढूंढ रहे हैं, तो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) हमेशा से भरोसेमंद विकल्प रहा है। इसमें गारंटीड रिटर्न मिलता है और मार्केट रिस्क भी नहीं होता। हाल ही में कई सरकारी और प्राइवेट बैंकों ने 444 दिनों की स्पेशल FD स्कीम लॉन्च की है, जिसमें आकर्षक ब्याज दरें मिल रही हैं। ये FD आम निवेशकों के साथ-साथ सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजन के लिए भी अच्छे रिटर्न का विकल्प है। अब बड़ा सवाल यह है कि किस बैंक की FD सबसे ज्यादा फायदा देगी? आइए जानते हैं।

SBI की Amrit Vrishti FD

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) अपनी 444 दिन की FD को Amrit Vrishti FD नाम से ऑफर कर रहा है। इसमें सामान्य निवेशकों को 6.60%, सीनियर सिटीजन को 7.10% और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.20% ब्याज मिलता है। अगर कोई व्यक्ति ₹1 लाख जमा करता है, तो मैच्योरिटी पर करीब ₹1,08,288 रुपए मिलेंगे यानी ब्याज ₹8,288 का होगा।

इंडियन बैंक की Ind Secure Product FD

इंडियन बैंक इस स्कीम में सबसे ज्यादा ब्याज दे रहा है। यहां सामान्य नागरिकों को 6.70%, सीनियर सिटीजन को 7.20% और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.45% तक ब्याज मिल रहा है। अगर आप यहां ₹1 लाख लगाते हैं, तो मैच्योरिटी पर लगभग ₹1,08,418 रुपए मिलेंगे यानी ₹8,418 का ब्याज।

बैंक ऑफ बड़ौदा की Square Drive FD

बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने भी Square Drive FD नाम से 444 दिन की स्पेशल स्कीम पेश की है। इसमें ब्याज दर SBI जैसी ही है – आम नागरिक को 6.60%, सीनियर को 7.10% और सुपर सीनियर को 7.20%। अगर कोई ₹1 लाख निवेश करे तो मैच्योरिटी पर करीब ₹1,08,288 रुपए मिलेंगे यानी ब्याज ₹8,288 का होगा।

IDBI बैंक की Utsav FD

IDBI बैंक की Utsav FD स्कीम भी 444 दिनों के लिए उपलब्ध है और 30 सितंबर 2025 तक वैलिड है। इसमें आम नागरिक को 6.70%, सीनियर सिटीजन को 7.20% और सुपर सीनियर को 7.35% ब्याज मिलता है। अगर कोई ₹1 लाख जमा करता है तो मैच्योरिटी पर लगभग ₹1,08,418 रुपए मिलेंगे यानी ₹8,418 का ब्याज।

केनरा बैंक की FD स्कीम

केनरा बैंक की इस स्कीम में ब्याज दर थोड़ी कम है। यहां सामान्य नागरिक को 6.50% और सीनियर सिटीजन को 7.00% ब्याज मिलता है। ₹1 लाख जमा करने पर मैच्योरिटी पर लगभग ₹1,08,159 रुपए मिलेंगे यानी ₹8,159 का ब्याज।

कहां निवेश करें?

अगर ब्याज दरों की तुलना करें तो इंडियन बैंक और IDBI बैंक की स्कीम सबसे ज्यादा फायदा देती हैं। खासकर इंडियन बैंक, जो सुपर सीनियर सिटीजन को 7.45% तक ब्याज दे रहा है। वहीं, SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा भरोसे और सुरक्षा के लिहाज से बेहतर माने जाते हैं। इसलिए अगर आप ज्यादा मुनाफा चाहते हैं तो इंडियन बैंक और IDBI बैंक अच्छे विकल्प हैं, जबकि स्थिरता और भरोसे के लिए SBI और BOB भी मजबूत विकल्प बने हुए हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article