Patna News: हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी मात्र 25 सीटों पर सिमट गई थी। पार्टी की इस हार के बाद पार्टी और परिवार में कुछ भी ठीक नहीं है। रोहिणी आचार्य के साथ जो कुछ हुआ, वह दुनिया देख चुकी है। लेकिन लालू यादव की मुसीबतें यहीं खत्म होने वाली नहीं हैं। अब उनकी एक निर्माणाधीन हवेली पर लोगों की नजर है। भाजपा ने तो ED से जब्ती की चेतावनी भी दे दी है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार की राजधानी पटना के महुआबाग क्षेत्र में RJD अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की निर्माणाधीन हवेली को निशाना बनाया है। बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें हवेली को दिखाया गया है, और आरोप लगाया है कि लालू यादव का समाजवाद केवल लूट-खसोट से भरे परिवार का प्रतीक है।
पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले का जिक्र करते हुए चेतावनी दी है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इस संपत्ति को जब्त कर सकता है। जुलाई 2023 में, ईडी ने लालू यादव के परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त किया था, जिसमें राबड़ी देवी के नाम पर महुआबाग की एक जमीन भी शामिल थी।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि भाजपा द्वारा साझा किया गया वीडियो किस विशेष बंगले का है। कहा जा रहा है कि लालू यादव नियमित रूप से इस निर्माणाधीन हवेली का निरीक्षण करने जाते हैं। इसके अलावा, चर्चा तो ये भी है कि लालू परिवार को 10, सर्कुलर रोड का बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद वे महुआबाग के इस महल में शिफ्ट हो सकते हैं, जबकि वे 39, हार्डिंग रोड के नए बंगले में जाने की योजना बना रहे हैं।
